आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार ने कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा ली गई परीक्षा के परिणाम घोषित नहीं किए जाने और बेरोजगार युवाओं को होने वाली दिक्कतों को लेकर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव को चिट्ठी लिखी है। सिंघार ने पत्र में लिखा है कि चालू वित्त वर्ष में बेरोजगार युवकों को रोजगार देने के लिए कई परीक्षाएं ली गईं लेकिन परिणाम घोषित नहीं किए गए। इससे बेरोजगार युवा रोजगार से वंचित हैं।
सिंघार ने कर्मचारी चयन बोर्ड और पीएससी द्वारा ली गई परीक्षाओं के परिणाम जल्द घोषित करने के साथ नियुक्तियां भी देने के लिए मुख्यमंत्री से कहा है।
सिंघार ने पत्र में यह भी कहा है कि परीक्षा बोर्ड द्वारा संविदा वर्ग दो के प्रथम चरण की परीक्षा हुई है लेकिन दूसरे चरण की परीक्षा अब तक नहीं हुई है। पटवारी की परीक्षा के परिणाम घोषित हुए हैं किंतु उसमें फर्जीवाड़ा होने की शिकायत की जांच अब तक पूरी नहीं हुई है जिससे नियुक्तियां पेंडिंग हैं।
कर्मचारी चयन बोर्ड द्वारा अगले साल के लिए परीक्षा कार्यक्रम अब तक घोषित नहीं किया है जबकि कैलेंडर घोषित हो जाना चाहिए। संविदा वर्ग की जो वेटिंग लिस्ट है उसे रिक्त पद से क्लियर किया जाए। संविदा वर्ग 3 के जनजाति के 4200पदों को नियमानुसार वेटिंग लिस्ट से भरा जाए।
आईबीपीएस बैंक बोर्ड द्वारा समिति प्रबंधकों की नियुक्ति नहीं की गई है। इनकी नियुक्ति के आदेश जारी किए जाएं। एमपी ऑनलाइन द्वारा एटीएमए आत्मा की परीक्षा अगस्त में ली गई थी जिसके परिणाम जारी नहीं किए गए। इसी तरह एमपी पीएससी द्वारा ली गई परीक्षा के बाद भी नियुक्तियां नहीं हो रही हैं।
6 माह पहले हुई इन परीक्षाओं के रिजल्ट नहीं
सिंघार ने कहा है कि वन रक्षक की परीक्षा मई और जून 2023 में हुई थी जिसके परिणाम घोषित नहीं हुए। इसी तरह ग्रुप 5 की परीक्षा जून 2023, ग्रुप 4 की परीक्षा जुलाई 2023, ग्रुप एक व सब ग्रुप 1 की परीक्षा जुलाई 2023 में, एचएसटी एसटी वर्ग एक की परीक्षा अगस्त 2023 और पुलिस कॉन्स्टेबल परीक्षा अगस्त 2023 में ली गई थी लेकिन इनमें से किसी परीक्षा के परिणाम जारी नहीं हुए।