सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: प्रदूषण से राहत की पहल, नमो भारत ट्रेन के 20 अतिरिक्त फेरे शुरू
नई दिल्ली: दिल्ली-एनसीआर में बढ़ते वायु प्रदूषण और ग्रेडेड रिस्पांस एक्शन प्लान (GRAP-2) लागू होने के बीच राष्ट्रीय राजधानी क्षेत्र परिवहन निगम (NCRTC) ने यात्रियों को बड़ी राहत देने का फैसला किया है। बुधवार, 4 नवंबर से नमो भारत ट्रेन के प्रतिदिन 20 अतिरिक्त फेरे संचालित किए जाएंगे। इसका उद्देश्य निजी वाहनों के बजाय सार्वजनिक परिवहन को बढ़ावा देना और सड़कों पर वाहनों का दबाव कम करना है।
एनसीआरटीसी के अनुसार, अतिरिक्त सेवाएं दिल्ली के सराय काले खां से मेरठ के मोदीपुरम तक पूरे नमो भारत कॉरिडोर पर उपलब्ध होंगी। इस फैसले से दिल्ली, गाजियाबाद और मेरठ के बीच रोजाना सफर करने वाले यात्रियों को अधिक विकल्प मिलेंगे। खासकर नौकरीपेशा लोगों और नियमित यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलने की उम्मीद है।
दिल्ली-एनसीआर में वायु गुणवत्ता लगातार बिगड़ने के बाद प्रदूषण नियंत्रण के लिए GRAP के दूसरे चरण के प्रतिबंध लागू किए गए हैं। इसके तहत लोगों को निजी वाहनों का इस्तेमाल कम करने और सार्वजनिक परिवहन अपनाने के लिए प्रोत्साहित किया जा रहा है। दिल्ली में 4 नवंबर को वायु गुणवत्ता सूचकांक 350 दर्ज किया गया, जो बहुत खराब श्रेणी में आता है।
नमो भारत कॉरिडोर दिल्ली मेट्रो, भारतीय रेलवे, अंतरराज्यीय बस टर्मिनलों और सिटी बस सेवाओं से जुड़ा हुआ है। सराय काले खां, आनंद विहार, न्यू अशोक नगर और गाजियाबाद जैसे प्रमुख स्टेशनों पर यात्रियों को परिवहन के दूसरे साधनों से भी कनेक्टिविटी मिलती है। स्टेशनों पर पार्किंग की सुविधा भी उपलब्ध है।
इससे पहले दिल्ली मेट्रो ने भी GRAP-2 के तहत कार्यदिवसों में 20 अतिरिक्त फेरे शुरू किए थे। नमो भारत की अतिरिक्त सेवाओं के साथ सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था को मजबूत करने की कोशिश की जा रही है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #प्रदूषण #राहत #पहल #नमो #भारत #ट्रेन #अतिरिक्त #प्रदूषणसेराहतकी