सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : कोलार सिक्स लेन की स्ट्रीट लाइट की प्लानिंग में बदलाव किया गया है। पहले स्ट्रीट लाइट सेंट्रल वर्ज में लगाई जानी थी, अब साइड वर्ज पर लगाई जाएगी। ऐसे में निर्माण की लागत में इजाफा हुआ है। यही वजह है कि 65 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट मांगा गया है।
दरअसल, प्लानिंग में यह बदलाव मेट्रो के कोलार रूट को ध्यान में रख कर किया है। भविष्य में मेट्रो रेल के लिए पटरी बिछाई जाएगी तो उसके लिए सेंट्रल वर्ज का उपयोग होगा। यही वजह है कि स्ट्रीट लाइट को सेंट्रल वर्ज के बजाय सड़क के दोनों ओर शिफ्ट कर दिया है। ऐसे में जो प्रोजेक्ट अभी 233 करोड़ रुपए का था अब वह बढ़कर 298 करोड़ रुपए का हो जाएगा।
20 करोड़ में सीवरेज लाइन शिफ्टिंग और सुधार का काम किया जाएगा
45 करोड़ रुपए लागत बढ़ गई है स्ट्रीट लाइट की अब
02 रूट ही अभी मेट्रो के लिए हैं- पहला एम्स से करोंद, दूसरा भदभदा से रत्नागिरी
सड़क के दोनों ओर मिलाकर कुल 30 किमी में लगेगी स्ट्रीट लाइट्स
सेंट्रल वर्ज में एक खंभे पर दो लाइटें लगाई जानी थी…
पीडब्ल्यूडी अधिकारियाें ने बताया कि पहले कोलार रोड पर जहां तक रहवासी क्षेत्र है वहीं तक सेंट्रल वर्ज में लाइट लगनी थी। यह एरिया करीब 5 किमी था। इसमें एक खंभे पर ही दोनों ओर लाइट लगनी थी। लेकिन, अब यह पूरे 15 किमी में सड़क के दोनों किनारे पर लगाई जाएगी। यानी अब 5 किमी की बजाय 30 किमी (15-15 किमी दोनों ओर) में लगेगी। इसी कारण लागत 20 करोड़ से बढ़कर 65 करोड़ रु. हो गई है।
सीवरेज लाइन को ठीक करने के लिए भी होगा काम
सिक्स लेन के दायरे में आने वाली विभिन्न प्रकार की पाइप लाइन के अलावा पहले से मौजूद सीवरेज की लाइन को व्यवस्थित करने के लिए 20 करोड़ रुपए का अतिरिक्त बजट मांगा गया है। जो सीवरेज लाइन अभी डाली गई है उसके डक्ट के ढक्कन मौजूदा सड़क की हाइट पर ही हैं। जबकि, सिक्स लेन में जगह-जगह हाइट घट और बढ़ रही है, ऐसे में इन्हें एडजस्ट करने में भी खर्च होगा।
एक सवाल यह भी…
मेट्रो रेल के आखिर कब तक पूरे होंगे दोनों रूट
मेट्रो रेल की प्लानिंग की बात करें तो अभी भोपाल के लिए सिर्फ दो रूट ही मंजूर हुए हैं। पहला एम्स से करोंद तक 14.19 किमी तो दूसरा रूट भदभदा से रत्नागिरी तक 12.88 किमी। अभी पहले रूट पर एम्स से सुभाष नगर तक 6.22 किमी का ही निर्माण किया जा रहा है। ऐसे में सवाल यही है कि आखिर कब तक यह दोनों रूट पूरे होंगे और कब कोलार में मेट्रो आएगी?
सड़क पर पहले सिर्फ 5 किमी में स्ट्रीट लाइट लगनी थी। इसे बढ़ाकर 15 किमी किया है। इस कारण लागत बढ़ रही है।
-एएस चौहान, कार्यपालन यंत्री, पीडब्ल्यूडी इलेक्ट्रिकल