सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा प्रदेश के पांच जिलों के कलेक्टर, पांच जिला पंचायत और स्मार्ट सिटी सीईओ तथा एक एडीजी पुलिस का सम्मान गुरुवार को किया जाएगा। इसके अलावा तीन उप जिला निर्वाचन अधिकारी, तीन रिटर्निंग अफसर, चार तहसीलदार और नायब तहसीलदार भी आयोग की ओर से चुनाव कार्य में बेस्ट परफार्मेंस के लिए सम्मानित किए जाएंगे। स्वीप पार्टनर विभाग के रूप में मतदाताओं को जागरूक करने में अच्छे काम के लिए आयोग द्वारा उच्च शिक्षा विभाग के आयुक्त को भी सम्मान के लिए बुलाया गया है। यह सम्मान राज्यपाल मंगुभाई पटेल द्वारा किया जाएगा।

राजधानी के कुशाभाऊ ठाकरे कन्वेंशन सेंटर में 25 जनवरी को होने वाले मतदाता दिवस कार्यक्रम के लिए सम्मानित किए जाने वाले अफसरों और कर्मचारियों के नाम फाइनल हो गए हैं। इसमें आयोग की ओर से विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाता सूची पुनरीक्षण से लेकर चुनाव कराने की पूरी प्रक्रिया तक के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी, स्वीप अधिकारी और बीएलओ तक को सम्मानित करने का फैसला किया गया है। पूर्व मुख्य चुनाव आयुक्त ओपी रावत की मौजूदगी में होने वाली इस आयोजन की तैयारियां मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन की टीम पूरी करने में जुटी है। इस दौरान नव मतदाताओं को वोटर कार्ड भी सौंपे जाएंगे। राज्य स्तर पर होने वाले इस कार्यक्रम में मतदाताओं को अधिकतम वोटिंग के लिए प्रोत्साहित किया जाता है।

बेस्ट जिला निर्वाचन अधिकारी सम्मान

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी अनुपम राजन ने बताया कि बेस्ट जिला निर्वाचन के लिए चुनाव के दौरान होने वाली सम्पूर्ण कार्यवाही पर फोकस कर सम्मान के लिए अधिकारी चयनित किए गए हैं। इसमें मुख्य रूप से जो पैरामीटर हैं उसमें वोटर टर्न आउट, मतदाता सूची पुनरीक्षण, मतदाता जागरुकता, जेंडर रेश्यो, नवाचार, सिक्योरिटी पाइंट, स्वीप एक्टिविटी समेत अन्य पैरामीटर शामिल हैं। इन सबके आधार पर जिन जिलों में अच्छा परफार्म हुआ है वे अधिकारी सम्मान के लिए बुलाए गए हैं। यही स्थिति रिटर्निंग अधिकारी, उप जिला निर्वाचन अधिकारी, रजिस्ट्रीकरण व सहायक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी के मामले में भी लागू की गई है।

ये कलेक्टर होंगे सम्मानित

क्षितिज सिंघल, कलेक्टर सिवनी

अंकित अस्थाना, कलेक्टर मुरैना

सलोनी सिडाना, कलेक्टर मंडला

बुद्धेश कुमार वैद्य, कलेक्टर उमरिया

प्रियांक मिश्रा, कलेक्टर धार

स्पेशल अवार्ड के लिए इन्हें किया आईडेंटिफाई

तपस्या परिहार, सीईओ जिला पंचायत छतरपुर को विधानसभा चुनाव के दौरान प्रबंधन और जागरुकता संबंधी कार्यों में विशिष्ट भूमिका के लिए सम्मानित किया जाएगा।

दिव्यांक सिंह सीईओ स्मार्ट सिटी इंदौर को नवाचार के अंतर्गत जीरो वेस्ट पोलिंग बूथ और डिस्ट्रीब्यूशन सेंटर स्थापित करने के लिए स्पेशल अवार्ड दिया जाएगा।

रेखा राठौर सीईओ जिला पंचायत झाबुआ को विधानसभा चुनाव में आदिवासी बाहुल्य झाबुआ में महिलाओं को मतदान प्रक्रिया के संबंध में शिक्षित करने और जागरुक करने के प्रयासों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

पीसी शर्मा जिला पंचायत सीईओ सागर को विधानसभा चुनाव में स्वीप गतिविधियों में विशिष्ट योगदान के लिए सम्मानित किया जाएगा।

ऋतुराज जिला पंचायत सीईओ भोपाल को विधानसभा चुनाव के दौरान मतदाताओं में मताधिकार के प्रति जागरुकता लाने के विशेष प्रयासों के लिए सम्मानित किया जाएगा।

डीसी सागर एडीजीपी व आईजी शहडोल को विधानसभा के संचालन और प्रबंधन तथा मतदाता जागरुकता के विशेष प्रयासों के लिए सम्मान दिया जाएगा।

ये उप जिला निर्वाचन अधिकारी होंगे सम्मानित

मुख्य निर्वाचन पदाधिकारी कार्यालय द्वारा विधानसभा चुनाव के संचालन एवं प्रबंधन विशिष्ट योग्यता के साथ किए जाने पर जिन उप जिला निर्वाचन अधिकारियों को बेस्ट परफार्मेंस के लिए सम्मानित करने का फैसला किया गया है उसमें उप जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ शालिनी श्रीवास्तव रतलाम, संजीव साहू नीमच, राजकुमार खत्री भिंड के नाम शामिल हैं।

इन रिटर्निंग अफसरों का भी नाम

विधानसभा चुनाव के लिए मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए अच्छा काम करने के लिए रिटर्निंग अधिकारी सैलाना (रतलाम) मनीष जैन, अमरवाड़ा (छिंदवाड़ा) हेमकर्ण धुर्वे, केवलारी (सिवनी) संदीप श्रीवास्तव के नाम शामिल हैं।

इन तहसीलदारों व नायब तहसीलदारों को भी सम्मान

आयोग की ओर से फोटो निर्वाचक नामावली के दूसरे विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण में अच्छा परफार्म करने के मामले में ईआरओ और एईआरओ की भूमिका निभाने वाले तहसीलदार व नायब तहसीलदार पवन बारिया मनासा जिला नीमच, पीके सेनगुप्ता पनागर जिला जबलपुर, रामबाबू देवांगन डिंडोरी जिला डिंडोरी, विजय राय बासौदा जिला विदिशा के नाम शामिल हैं।