आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मध्य प्रदेश शासकीय शिक्षक संगठन ने विशेष दिवस (जन्मदिन, शादी की सालगिरह आदि) गरीब बच्चों के बीच मनाने का निर्णय लिया है। इस अनूठी पहल की शुरूआत शासकीय स्कूल हाउसिंग बोर्ड करोंद से की गई। संगठन की जिला पदाधिकारी जरीना बी ने इस स्कूल के बच्चों के साथ अपना जन्मदिन मनाया और उन्हें ऊनी कपड़े, जूते-मोजे वितरित किए। इस मौके पर संगठन के कार्यकारी अध्यक्ष उपेंद्र कौशल, संस्था प्रमुख कांति बाथम, शाहिदा खान, सुनीता चौहान, सोनिया यादव, वीरेंद्र पाण्डेय, प्रेमलता, नीलेश नागर सहित अन्य पदाधिकारी उपस्थित थे।
कौशल ने बताया कि संगठन ने निर्णय लिया है कि उसके पदाधिकारी और संघ की सदस्यता रखने वाले शिक्षक स्वैच्छा से अपना या अपने परिवार के सदस्यों का जन्मदिन, शादी की सालगिरह सहित अन्य विशेष दिवस उन सरकारी स्कूलों में मनाएंगे, जहां गरीब तबके के बच्चे पढ़ रहे हैं।
इस मौके पर इन बच्चों को कुछ न कुछ उपहार भी देंगे। इससे बच्चों की आवश्यकताओं की पूर्ति भी हो जाएगी और अन्य लोगों को सेवाभाव के लिए प्रेरित करने के साथ शिक्षक अपने दिवस विशेष पर पुण्य लाभ भी अर्जित कर सकेंगे। उन्होंने बताया कि भोपाल से शुरू हुई यह पहल पूरे प्रदेश में लागू होगी।