सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय डाक विभाग द्वारा 14वीं मध्यप्रदेश राज्य स्तरीय डाक टिकट प्रदर्शनी “मेपेक्स 2025” का आयोजन सुभाष यादव भवन, समन्वय भवन, न्यू मार्केट, भोपाल में किया जा रहा है। यह प्रदर्शनी फिलाटेली प्रेमियों, विद्यार्थियों तथा समस्त नागरिकों के लिए ज्ञानवर्धक एवं मनोरंजक आकर्षणों से भरपूर होगी। समस्त नागरिकों के लिए निशुल्क खुली रहेगी।
इस प्रदर्शनी के उद्घाटन के अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में आलोक शर्मा सांसद, भोपाल संसदीय क्षेत्र उपस्थित रहेंगे वहीं मेपेक्स 2025 के समापन के अवसर पर विश्वास सारंग, सहकारिता, खेल एवं युवा कल्याण मंत्री, मप्र शासन उपस्थित रहेंगे। उपरोक्त अवसरों पर आयोजित कार्यक्रमों की अध्यक्षता विनीत माथुर, मुख्य पोस्टमास्टर जनरल, मप्र डाक परिमंडल द्वारा की जाएगी।
प्रदर्शनी का मुख्य विषय ‘भारत की विज्ञान यात्रा तथा आत्मनिर्भर भारत’ है। यह मुख्य रूप से भारत के युवाओं एवं नौजवानों को विज्ञान के प्रति प्रेरित करने व भारत की 78 वर्षों की प्रगति को चित्रित करने के लिए रखी गई है। प्रदर्शनी में 170 डाक टिकट संग्रहकर्ताओं के कुल 325 फ्रेम प्रदर्शित किए जाएँगे। इन फ्रेमों के माध्यम से डाक टिकट संग्रहकर्ताओं द्वारा विज्ञान के अतिरिक्त भारतीय सेना, स्वतंत्रता पूर्व का भारत, होल्कर एस्टेट, अंतरिक्ष में विज्ञान यात्रा, 1857 से 1947 तक स्वतंत्रता संग्राम, रामायण, राष्ट्रपिता महात्मा गांधी, भारत रत्न अवार्ड, स्वच्छ भारत, मप्र टूरिज़म, भारतीय रेल आदि के साथ साथ अन्य कई विषयों पर दुर्लभ डाक टिकटों व स्पेशल कवर का प्रदर्शन किया जाएगा।
डाक टिकट प्रदर्शनी के दौरान विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों एवं प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया जाएगा जिसमें विभिन्न स्कूलों से आमंत्रित छात्र-छात्राएँ हिस्सा लेंगे। इन प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेपेक्स 2025 के समापन समारोह में पुरस्कृत किया जाएगा।
इस कड़ी में उमंग वेल्फेयर सोसायटी द्वारा समूह गान, मेपेक्स 2025 का विशेष विरूपण, स्व. शंकर प्रसाद ताम्रकार पर विशेष विरूपण का विमोचन, इंदौर के फिलाटेलिस्ट ओपी केडिया की पुस्तक का विमोचन, बंसल एक्स्ट्रेकशन व एक्सपोर्टेशन प्राईवेट लिमिटेड के विशेष आवरण का विमोचन, सुनील सचदेवा एजीएम भेल द्वारा कार्यशाला एवं नृत्य प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।
वहीं भोजताल, बड़ी झील (भोपाल) व नर्मदा नदी पर विशेष आवरण का विमोचन, आशीष भण्डारी द्वारा कार्यशाला एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इसके साथ साथ पीपुल्स ग्रुप एवं पीपुल्स यूनिवर्सिटी पर विशेष आवरण का विमोचन, टेगोर इंटरनेशनल लिट्रेचर एवं आर्ट्स फेस्टिवल पर विशेष आवरण का विमोचन, हेरिटेज साईट्स पर 04 पिक्चर पोस्टकार्ड का विमोचन, प्रीति पोद्दार द्वारा ‘खत पर वार्ता’ का आयोजन, पोस्टकार्ड डिज़ाइन प्रतियोगिता एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
अतः अनुरोध है कि उपरोक्त आयोजन के विस्तृत कवरेज हेतु अपने प्रतिष्ठित संस्थान के प्रतिनिधि को भेजने का कष्ट करें।

#मेपेक्स2025 #डाकटिकटप्रदर्शनी #फिलैटली #मध्यप्रदेशसमाचार #स्टैम्पएक्जीबिशन