सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारत के इतिहास में एक और अध्याय जुड़ गया है। रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा ने अयोध्या में इतिहास रचा दिया। इस पल का सभी सनातनियों के साथ-साथ पूरे देश को अरसों से इंतजार था। अयोध्या में रामलाल की प्राण प्रतिष्ठा के महा उत्सव को पूरा देश जश्न की तरह मना रहा है। इस अवसर पर देश भर में जगह-जगह धार्मिक कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। राजधानी भोपाल में भी खासा उत्साह देखा गया।

राजधानी की कोलार रोड स्थित एलएनसीटी यूनिवर्सिटी में भी रामलला की स्थापना को लेकर भव्य आयोजन किया गया। परिसर में कलश यात्रा निकाली गई। भगवान राम और सीता के साक्षात रूप को यहां के छात्र-छात्राओं द्वारा दर्शाया गया। वहीं राम बारात का आयोजन भी यूनिवर्सिटी कैम्पस में किया गया। चारो तरफ रामधुन गूंजती सुनाई दी। भगवान राम के आगमन पर यूनिवर्सिटी कैम्पस को आकर्षक तरीके से फूलों और लाइटों से सजाया गया। इस अवसर पर यूनिवर्सिटी के प्रो. चांसलर, अनुपम चौकसे और डायरेक्टर श्वेता चौकसे द्वारा सीता राम बने कलाकारों का हार फूल से स्वागत किया गया।