आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस/आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : वेस्टर्न डिस्टरबेंस के एक्टिव होने से मध्यप्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है। गुरुवार सुबह कई जिलों में घना कोहरा और कड़ाके की ठंड रही।
प्रदेश में बुधवार रात दतिया सबसे सर्द रहा। यहां न्यूनतम तापमान 4.8 डिग्री पहुंच गया। ग्वालियर में यह 5.5 डिग्री रिकॉर्ड हुआ। गुना में 8.8, रीवा में 8.4 डिग्री न्यूनतम पारा दर्ज किया गया। सबसे ज्यादा रात का टेम्प्रेचर नर्मदापुरम में 15.7 डिग्री रहा।
मौसम विभाग के मुताबिक आज इंदौर, रतलाम, खंडवा, छिंदवाड़ा, सिवनी, बालाघाट, झाबुआ, धार, बैतूल, बुरहानपुर में मौसम बदला रहेगा। हल्की बूंदाबांदी हो सकती है।
सीनियर मौसम वैज्ञानिक दिव्या सुरेंद्रन ने बताया कि वेस्टर्न डिस्टरबेंस के असर से प्रदेश का मौसम बदला है। कुछ हिस्सों में हल्की बारिश भी हो रही है। अगले 1 से 2 दिन तक कोहरा रहेगा। सिस्टम के गुजरने के बाद रात के टेम्प्रेचर में गिरावट होगी। इससे ठंड का असर और बढ़ जाएगा।
बड़े शहरों में बुधवार रात का पारा
भोपाल 13.6 (तापमान डिग्री सेल्सियस में)
इंदौर 15.4
ग्वालियर 5.5
जबलपुर 14.7
उज्जैन 14
बुधवार को ऐसा रहा मौसम…
बुधवार को भोपाल, ग्वालियर, जबलपुर समेत 12 शहरों में टेम्प्रेचर 20 डिग्री के नीचे रहा। बुधवार को सतना प्रदेश का सबसे ठंडा शहर रहा। यहां दिन का तापमान 17.2 डिग्री दर्ज किया गया।
भोपाल-उज्जैन में दिन-रात के तापमान में 4 डिग्री का ही अंतर
भोपाल में दिन-रात के तापमान में 4 डिग्री का ही अंतर रहा। मंगलवार-बुधवार की रात तापमान 13.8 डिग्री दर्ज किया गया, जबकि बुधवार को दिन में पारा 17.9 डिग्री रहा। उज्जैन में भी दिन-रात के तापमान में 4 डिग्री का ही अंतर रहा।