सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल: विकसित भारत संकल्प यात्रा के अंतर्गत पूरे मध्य प्रदेश में कार्यक्रमों का आयोजन हुआ। राजधानी भोपाल ,इंदौर, जबलपुर समेत पूरे प्रदेश में विकसित भारत संकल्प यात्रा को लेकर काफी उत्साह देखने को मिल रहा है। लोग बढ़चढ़ कर कार्यक्रमों में भाग ले रहे हैं और योजनाओं के बारे में जानकारी प्राप्त कर रहे हैं। इसी क्रम में आज इंदौर में वार्ड 36 निपानिया और वार्ड 39 खजराना में विकसित भारत संकल्प यात्रा कार्यक्रम का आयोजन हुआ।

दोनों कार्यक्रमों में इंदौर सांसद श्री शंकर लालवानी शामिल हुए। इस अवसर पर उन्होंने आम जन से केंद्र सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं का लाभ लेने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि यहां पीएम उज्ज्वला योजना, मातृवंदना योजना, आयुष्मान योजना समेत विभिन्न योजनाओं के स्टॉल लगे हैं। लालवानी ने कहा कि पूरे देश में अगर सबसे ज्यादा आयुष्मान कार्ड बने हैं तो इंदौर में बने हैं। उन्होंने आयुष्मान कार्ड से मिल रही निशुल्क सहायता के बारे में भी बात की। इस अवसर पर विभिन्न विभागों द्वारा स्टॉल लगाकर हितग्राहियों को योजनाओं की जानकारी दी गई और लोगों से आवदेन स्वीकार किए गए।

इसी तरह छिंदवाड़ा, पांढुर्ना, सतना, दमोह, सागर, शहडोल, अनूपपुर, विदिशा, सीहोर समेत प्रदेश के विभिन्न जिलों में भिन्न-भिन्न स्थानों पर कार्यक्रमों का आयोजन हुआ, जहां पर लोगों ने केंद्र सरकार की योजनाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही इन कार्यक्रमों में शिविर लगाकर हितग्राहियों की समस्याओं का समाधान भी किया गया। हितग्राहियों को सर्टिफिकेट भी प्रदान किए गए। कुछ स्थानों पर सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन भी हुआ।