सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भारतीय वन प्रबंध संस्थान (आईआईएफएम), भोपाल तथा इंदिरा गांधी राष्ट्रीय वन अकादमी (आईजीएनएफए), देहरादून द्वारा संयुक्त रूप से आईएफएस अधिकारियों के लिए 15वें छह-दिवसीय मिड-कैरियर प्रशिक्षण (एमसीटी-IV) प्रबंधन मॉड्यूल कार्यक्रम का उद्घाटन किया गया। आइ आइ एफ़ एम मे आयोजित इस कार्यक्रम में देश के 25 से अधिक राज्यों और केंद्रशासित प्रदेशों के 40 वरिष्ठ आईएफएस अधिकारियों ने भाग लिया जा रहा है।
उद्घाटन सत्र की अध्यक्षता के. रविचंद्रन, निदेशक, आईआईएफएम (मुख्य अतिथि) मनमोहन यादव, डीन, आईआईएफएम; अमित कुमार, पाठ्यक्रम निदेशक, आईजीएनएफए; सी.पी. काला, कार्यक्रम निदेशक एवं अध्यक्ष (एमडीपी), आईआईएफएम और उज्ज्वल कुमार सरमा, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी, आईआईएफएम ने की।
अपने उद्घाटन भाषण में रविचंद्रन ने पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन के बदलते युग को देखते हुए आईएफएस अधिकारियों के लिए क्षमता निर्माण और प्रशिक्षण कार्यक्रम की आवश्यकता पर जोर दिया। चरण चार में आईएफएस अधिकारियों के लिए मध्य-कैरियर प्रशिक्षण विशेष रूप से प्रबंधकीय कौशल पर केंद्रित है। रविचंद्रन ने टिकाऊ वन प्रबंधन प्रथाओं को बढ़ावा देने और लागू करने की भारत सरकार की पहल को रेखांकित करते हुए भारतीय वन एवं काष्ठ प्रमाणन योजना पर प्रकाश डाला, जिसमें आईआईएफएम को नोडल एजेंसी के रूप में नामित किया गया है। उन्होंने कहा, “यह योजना केवल भारत तक ही सीमित नहीं है, भविष्य में इसे व्यापक रूप से अपनाने की संभावना है, भारतीय वन एवं काष्ठ प्रमाणन योजना को कई अन्य देशों द्वारा अपनाया जा सकता है। इसके साथ ही भारत वैश्विक स्तर पर टिकाऊ लकड़ी एवं वन प्रबंधन में विश्व-स्तर पर अपनी नेतृत्व क्षमता को दर्शायेगा।
इस छह दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम में आईआईएम, आईआईपीए, एनआईएफएम आदि सहित नामी संस्थानों के प्रतिष्ठित विशेषज्ञों के सत्र शामिल हैं। जिसमे संघर्ष समाधान, सार्वजनिक वित्त प्रबंधन प्रणाली, संरक्षित क्षेत्र प्रबंधन और गांवों का स्वैच्छिक पुनर्वास, टीम निर्माण कौशल, सकारात्मकता का विज्ञान, मिशन लाइफ – पर्यावरण के लिए जीवन शैली, बातचीत कौशल, मानव पारिस्थितिकी और ग्रामीण पर्यावरण, वित्त प्रबंधन, डिजिटल प्रौद्योगिकी और संसाधन प्रबंधन, तनाव प्रबंधन और सकारात्मक सोच, बातचीत कौशल और शासन और जवाबदेही के केंद्रीय मूल्य जैसे आवश्यक विषयों पर सत्र आयोजित किये जायेंगे।
पहले दिन आईआईएम, बेंगलुरु के पी. डी. जोस द्वारा नेतृत्व पर, रेखा सिंघल, डीन, विश्वविद्यालय द्वारा योग्यता-आधारित कार्मिक प्रबंधन और बी.पी. पेठिया, पूर्व निदेशक (आईआईएफएम) एवं पूर्व-वीसी (आरएनटीयू) द्वारा परियोजना प्रबंधन, विषयों पर तकनीकी सत्र शामिल रहे। इस उदघाटन कार्यक्रम में स्वागत भाषण मनमोहन यादव, डीन, आईआईऍफ़एम् तथा धन्यवाद ज्ञापन प्रो. उज्ज्वल सरमा, सीएओ, आईआईएफएम द्वारा दिया गया |