सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल में बुधवार को गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल हुई। पुलिस, होमगार्ड समेत अन्य टुकड़ियों ने कदम ताल किया। मुख्य समारोह 26 जनवरी को गर्वनर मंगुभाई पटेल के मुख्य आतिथ्य में लाल परेड मैदान में सुबह 9 बजे आयोजित होगा।

गणतंत्र दिवस की फुल ड्रेस फाइनल रिहर्सल के दौरान सातवीं बटालियन के प्रधान आरक्षक रामचंद्र सिंह कुशवाहा ने प्रतीक स्वरूप मुख्य अतिथि की भूमिका निभाई और ध्वजारोहण कर संयुक्त परेड की सलामी ली। हर्ष फायर के बीच पुलिस बैंड ने निरीक्षक सुनील कटारे के निर्देशन में ‘जन गण मन’ की धुन बजाई। परेड का नेतृत्व भारतीय पुलिस सेवा के वर्ष 2020 बैच के अधिकारी खरगोन के एएसपी आनंद कलादगी ने किया। परेड टू आईसी का दायित्व एसडीओपी बारासिवनी बालाघाट अभिषेक चौधरी ने निभाया। संयुक्त परेड में गुजरात रिजर्व पुलिस बल, अश्वारोही दल व श्वान दस्ते सहित 19 टुकड़ियां शामिल थीं। संयुक्त परेड में शामिल गुजरात रिजर्व पुलिस बल की टुकड़ी का नेतृत्व निरीक्षक राजूभाई राठवा ने किया।

सांस्कृतिक कार्यक्रमों की फाइनल रिहर्सल भी हुई

संयुक्त परेड के पश्चात विभिन्न स्कूलों के विद्यार्थियों एवं संस्कृति विभाग के रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों का अंतिम अभ्यास किया। प्रदेश के लोकनृत्यों और लोकगीतों की भी सुमधुर प्रस्तुतियां भी दी गईं। इसमें सागर की बरेदी और बधाई, बड़वाह का गणगौर, धार का भगौरिया और सीधी का अहिराई लोकनृत्यों की प्रस्तुति दी गई।

कमिश्नर ने तैयारियों को लेकर मीटिंग की

मुख्य आयोजन को लेकर कमिश्नर डॉ. पवन शर्मा ने अफसरों की मीटिंग ली और व्यवस्थाएं जुटाने को कहा। पुलिस कमिश्नर हरिनारायण चारी मिश्र, कलेक्टर कौशलेंद्र विक्रम सिंह भी मीटिंग में मौजूद थे। कमिश्नर डॉ. शर्मा ने कहा, गणतंत्र दिवस मुख्य समारोह के लिए सभी विभाग उन्हें सौंपे गए कार्य समय से पूरे कर लें। ताकि अंतिम समय में किसी प्रकार के परिवर्तन अथवा संशोधन की आवश्यकता नहीं रहे। कमिश्नर डॉ. शर्मा ने मुख्य समारोह संबंधी तैयारियों का लाल परेड मैदान स्थित मोतीलाल नेहरू स्टेडियम का स्थल निरीक्षण भी किया।

बैठक, पानी की व्यवस्थाएं करने को कहा

मीटिंग में कमिश्नर डॉ. शर्मा ने मुख्य समारोह के लिए बैठक और पानी की व्यवस्था बेहतर करने को कहा। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम में उपस्थित होने वाले अतिथियों आदि की बैठक व्यवस्था बेहतर रखी जाए। ताकि किसी को भी असुविधा न हो। इस दौरान नगर निगम और पीडब्ल्यूडी को आपसी समन्वय कर बेहतर व्यवस्था करने के निर्देश दिए।