सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : दिल्ली के कालिंदी कुंज इलाके में एक सनसनीखेज हत्या का मामला सामने आया है। पुलिस ने 38 वर्षीय गुल हसन की हत्या की गुत्थी सुलझाते हुए उसके पिता तालुकदार अंसारी और उसके साथी मोहम्मद वसीम उर्फ अकरम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक मृतक सिजोफ्रेनिया से पीड़ित था और उसकी मानसिक स्थिति को लेकर परिवार परेशान था।

पुलिस को 23 अगस्त की शाम दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे के पास एनटीपीसी की दीवार से लगे एक लावारिस कंटेनर में युवक का शव मिला था। शव के सिर पर गंभीर चोट के निशान थे और पास में खून से सना कंक्रीट का पत्थर बरामद हुआ। इसके बाद पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू की।

जांच के दौरान पुलिस ने इलाके में लगे सैकड़ों CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज में मृतक दो लोगों के साथ घटनास्थल की ओर जाता दिखाई दिया, लेकिन वापस नहीं लौटा। इसी सुराग के आधार पर पुलिस ने संदिग्धों तक पहुंच बनाई और गोविंदपुरी की एक सिलाई फैक्ट्री से दोनों आरोपियों को हिरासत में लिया।

पूछताछ में पुलिस के अनुसार सामने आया कि आरोपी पिता अपने बेटे को डॉक्टर के पास ले जाने का बहाना बनाकर घर से बाहर लेकर निकला था। रास्ते में उसे समोसा खिलाने का झांसा देकर सुनसान कंटेनर में ले जाया गया। वहां कथित तौर पर कंक्रीट के भारी पत्थर से हमला किया गया और कपड़े की रस्सी से गला घोंटकर उसकी हत्या कर दी गई।

पुलिस के मुताबिक आरोपियों ने पहले शव को यमुना में फेंकने की योजना बनाई थी, लेकिन वहां भीड़ होने के कारण वे ऐसा नहीं कर सके। बाद में शव को कंटेनर में छोड़कर दोनों आरोपी फरार हो गए। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल कंक्रीट का पत्थर, खून से सने कपड़े और गला घोंटने में इस्तेमाल कपड़े की रस्सी बरामद की है।

पुलिस अब मामले में हत्या के पीछे की परिस्थितियों और आरोपियों की भूमिका से जुड़े अन्य पहलुओं की जांच कर रही है। इस घटना ने मानसिक बीमारी से जूझ रहे लोगों और उनके परिवारों के सामने आने वाली गंभीर चुनौतियों पर भी सवाल खड़े किए हैं।


Hashtags: #DelhiState #Bhopal #Desksource #सनसन #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #हसन #उसक