सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली। दिल्ली में शराब खरीदने के लिए ठेकों पर लंबी कतारों में लगने से राहत देने के उद्देश्य से दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं आधारभूत ढांचा विकास निगम (DSIIDC) ने ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ मोबाइल ऐप शुरू किया है। इसके जरिए ग्राहक अपनी पसंद का ब्रांड चुनने, ऑनलाइन भुगतान करने और पहले से ऑर्डर बुक करने की सुविधा का लाभ उठा सकेंगे। हालांकि, इस व्यवस्था में शराब की होम डिलीवरी नहीं होगी। ग्राहकों को बुकिंग के बाद संबंधित दुकान पर जाकर 48 घंटे के भीतर अपना ऑर्डर लेना होगा।
फिलहाल 208 दुकानों पर सुविधा ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा अभी DSIIDC द्वारा संचालित 208 शराब की दुकानों पर उपलब्ध है। दिल्ली में चार सरकारी निगमों के अंतर्गत 700 से अधिक शराब की दुकानें संचालित होती हैं, लेकिन फिलहाल अन्य निगमों की दुकानों को इस सेवा से नहीं जोड़ा गया है। आगे इस सुविधा का विस्तार ग्राहकों की प्रतिक्रिया के आधार पर किया जा सकता है।
ऐसे कर सकेंगे ऑनलाइन बुकिंग ग्राहक ‘दिल्ली लिकर बुकिंग’ ऐप पर उपलब्ध ब्रांड और बोतल का आकार देख सकते हैं। इसके बाद अपनी पसंद की दुकान चुनकर मात्रा निर्धारित करनी होगी और ऑनलाइन भुगतान करना होगा। भुगतान पूरा होने पर ऐप एक क्यूआर कोड जारी करेगा। दुकान पर इस कोड को दिखाने के बाद उसे स्कैन करके ऑर्डर प्राप्त किया जा सकेगा।
25 वर्ष से अधिक उम्र वालों को मिलेगी सुविधा दिल्ली के आबकारी नियमों के अनुसार, ऐप का इस्तेमाल करने के लिए ग्राहक की उम्र कम से कम 25 वर्ष होनी चाहिए। निर्धारित मात्रा सीमा भी लागू रहेगी। एक व्यक्ति अधिकतम नौ लीटर व्हिस्की और 18 लीटर बीयर खरीद सकता है। शराब प्राप्त करने से पहले बुकिंग रद्द करने का विकल्प उपलब्ध होगा, लेकिन दुकान से उत्पाद लेने के बाद उसे वापस नहीं किया जा सकेगा।
कतारें कम करने और पारदर्शिता बढ़ाने का प्रयास
DSIIDC के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य दुकानों पर भीड़ और बिलिंग काउंटरों का दबाव कम करना है। ग्राहक दुकान पहुंचने से पहले उपलब्ध ब्रांड और कीमत की जानकारी लेकर भुगतान कर सकेंगे। हालांकि, अंतिम रूप से शराब लेने के लिए संबंधित दुकान पर व्यक्तिगत रूप से पहुंचना अनिवार्य रहेगा।
Hashtags: #MumbaiCity #Delhi #दिल्ली #शराब #ऑनलाइन #बुकिंग #शुरू #घंटे #पिकअप #दिल्लीमेंशराबकी