सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली। दिल्ली में वसंत विहार से इंदिरा गांधी अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट की ओर जाने वाले यात्रियों को राहत मिली है। दक्षिण दिल्ली के पुराने राव तुलाराम (RTR) फ्लाईओवर को मरम्मत के बाद हल्के वाहनों के लिए दोबारा खोल दिया गया है। सोमवार, 26 अक्टूबर की शाम से शुरू हुई इस व्यवस्था के तहत दोपहिया वाहन और कारें फ्लाईओवर से गुजर सकेंगी। हालांकि, ट्रक और अन्य भारी वाहनों की आवाजाही पर फिलहाल प्रतिबंध जारी रहेगा।

दरारें मिलने के बाद बंद किया गया था फ्लाईओवर पुराने RTR फ्लाईओवर को 20 अक्टूबर को सड़क पर दरारें मिलने के बाद एहतियातन बंद कर दिया गया था। निरीक्षण के दौरान कुछ स्थानों पर कंक्रीट खराब होने और लोहे की सरिया खुली दिखाई देने की समस्या सामने आई थी। इसके बाद लोक निर्माण विभाग (PWD) ने मरम्मत का काम शुरू कराया। मरम्मत पूरी होने के बाद सड़क की मजबूती की जांच की गई। अधिकारियों ने आवश्यक परीक्षणों के आधार पर हल्के वाहनों को सीमित रूप से आवागमन की अनुमति देने का निर्णय लिया। फ्लाईओवर वर्ष 2009 में बनाया गया था।

भारी वाहनों पर रोक जारी

फिलहाल फ्लाईओवर पर केवल हल्के वाहनों को चलने की अनुमति है। भारी वाहनों को दूसरे मार्गों से भेजा जाएगा। प्रतिबंध का पालन कराने के लिए ट्रैफिक पुलिसकर्मियों की तैनाती की जा रही है। भारी वाहनों को फ्लाईओवर पर प्रवेश करने से रोकने के लिए ऊंचाई अवरोधक लगाने की व्यवस्था भी की जा रही है।

जाम से मिलेगी राहत फ्लाईओवर बंद रहने के दौरान एयरपोर्ट, गुरुग्राम और द्वारका से वसंत विहार तथा दक्षिण दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को सर्विस रोड और वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करना पड़ रहा था। इससे व्यस्त समय में लंबी कतारें और जाम की स्थिति बन रही थी।

फ्लाईओवर खुलने से यात्रियों, टैक्सी चालकों और रोजाना सफर करने वालों को राहत मिलने की उम्मीद है। इस बीच PWD पूरे फ्लाईओवर का संरचनात्मक ऑडिट भी करा रहा है, ताकि उसकी स्थिति का आकलन कर जरूरत के अनुसार आगे मरम्मत या मजबूतीकरण के कदम उठाए जा सकें।


Hashtags: #MumbaiCity #Delhi #Rtr #फ्लाईओवर #खुला #एयरपोर्ट #जाने #वालों #राहत #RTRफ्लाईओवरखुला