सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली। उत्तर रेलवे ने दिल्ली आने-जाने वाली 45 ट्रेनों के समय, टर्मिनल स्टेशन और मार्ग में बदलाव किया है। नई समय-सारिणी अलग-अलग तारीखों पर 28 अक्टूबर 2026 से जनवरी 2027 तक लागू होगी। इस बदलाव का असर दिल्ली, गाजियाबाद और आनंद विहार से होकर गुजरने वाली कई प्रमुख एक्सप्रेस, सुपरफास्ट और पैसेंजर ट्रेनों पर पड़ेगा। रेलवे ने यात्रियों को स्टेशन जाने से पहले अपनी ट्रेन का नया समय जांचने की सलाह दी है।
पूर्वा एक्सप्रेस और लखनऊ मेल के समय में बदलाव
नई व्यवस्था के तहत पूर्वा एक्सप्रेस (12381) 28 अक्टूबर से नई दिल्ली स्टेशन पर सुबह 6:20 बजे पहुंचेगी। इसके बाद यह सुबह 6:45 बजे शकूरबस्ती के लिए रवाना होकर 7:20 बजे वहां पहुंचेगी। वापसी दिशा में भी इसके प्रस्थान स्टेशन और समय में बदलाव किया गया है।
लखनऊ मेल 28 अक्टूबर से गाजियाबाद स्टेशन पर सुबह 6:01 बजे पहुंचेगी और 6:03 बजे रवाना होगी। ट्रेन का नई दिल्ली पहुंचने का नया समय सुबह 7 बजे निर्धारित किया गया है। गाजियाबाद-दिल्ली ईएमयू सहित कुछ अन्य ट्रेनों के समय में भी बदलाव किया गया है।
हमसफर एक्सप्रेस का टर्मिनल बदलेगा
प्रयागराज और दिल्ली के बीच चलने वाली हमसफर एक्सप्रेस का टर्मिनल स्टेशन 1 जनवरी 2027 से नई दिल्ली के बजाय आनंद विहार टर्मिनल किया जाएगा। वापसी सेवा में यह बदलाव 2 जनवरी 2027 से लागू होगा। इसके अलावा वैशाली एक्सप्रेस, रीवा एक्सप्रेस, प्रयागराज एक्सप्रेस, कैफियत एक्सप्रेस, दुरंतो एक्सप्रेस और तेजस राजधानी जैसी ट्रेनों के आगमन या प्रस्थान समय में भी परिवर्तन किया गया है। कुछ ट्रेनों के समय में पांच से 20 मिनट तक का अंतर होगा।
नौचंदी एक्सप्रेस का मार्ग भी बदलेगा नौचंदी एक्सप्रेस के मार्ग में 1 जनवरी 2027 से बदलाव किया जाएगा। संशोधित व्यवस्था के तहत ट्रेन लखनऊ स्टेशन के बजाय ट्रांसपोर्ट नगर और उतरठिया होकर चलेगी। रेलवे ने यात्रियों से अपील की है कि वे सफर से पहले NTES ऐप या वेबसाइट के जरिए ट्रेन की स्थिति और समय-सारिणी जांच लें। इसके लिए रेलवे हेल्पलाइन नंबर 139 से भी जानकारी प्राप्त की जा सकती है।
Hashtags: #MumbaiCity #Delhi #दिल्ली #ट्रेनों #बदला #शेड्यूल #सीएनएन #सेंट्रल #न्यूज़ #दिल्लीकी45ट्रेनों