सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: नई दिल्ली। दिल्ली में छठ महापर्व की तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने इस वर्ष राजधानी में 1,400 से अधिक छठ घाट तैयार करने और 16 नवंबर को सार्वजनिक अवकाश रखने के निर्देश दिए हैं। मंगलवार को संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री ने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और स्वच्छता सुनिश्चित करने पर जोर दिया। इस वर्ष छठ पूजा 13 से 16 नवंबर तक मनाई जाएगी। पिछले वर्ष दिल्ली में 1,326 छठ घाट तैयार किए गए थे। 6 नवंबर तक पूरी होंगी बुनियादी तैयारियां मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि घाटों पर बुनियादी सुविधाओं से जुड़े काम 6 नवंबर तक पूरे कर लिए जाएं। सभी प्रमुख व्यवस्थाएं पर्व शुरू होने से कम से कम दो दिन पहले तैयार होनी चाहिए। अधिकारियों को स्वयं घाटों का निरीक्षण करने और कमियों को तुरंत दूर करने के लिए कहा गया है।
नवंबर में संभावित ठंड को देखते हुए बड़े और मध्यम आकार के घाटों पर जरूरत के अनुसार ढके हुए टेंट लगाए जाएंगे। श्रद्धालुओं के लिए पर्याप्त शौचालय, महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम और पीने के पानी सहित आवश्यक सुविधाओं की व्यवस्था की जाएगी।
सीसीटीवी से निगरानी, दमकल की भी तैनाती
भीड़भाड़ वाले घाटों पर सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। बड़े पूजा स्थलों के आसपास दमकल की गाड़ियां तैनात रखने और पुलिस, जिला प्रशासन तथा अन्य एजेंसियों के बीच समन्वय बनाए रखने के निर्देश भी दिए गए हैं। घाटों तक जाने वाली सड़कों की मरम्मत, गड्ढों को भरने और रास्तों पर पर्याप्त रोशनी की व्यवस्था की जाएगी।
सफाई और यातायात प्रबंधन पर जोर 15 और 16 नवंबर को श्रद्धालुओं की संभावित भीड़ को देखते हुए सफाईकर्मियों की टीमें चौबीसों घंटे सक्रिय रहेंगी। शाम के अर्घ्य, रात की पूजा और सुबह के उषा अर्घ्य के बाद सफाई कराई जाएगी। कचरा हटाने के लिए पर्याप्त बड़े डस्टबिन भी लगाए जाएंगे।
छठ के दौरान बिहार, झारखंड और उत्तर प्रदेश जाने वाले यात्रियों की भीड़ को ध्यान में रखते हुए रेलवे स्टेशनों और अंतरराज्यीय बस अड्डों पर भी प्रबंधन मजबूत किया जाएगा। सरकार का लक्ष्य श्रद्धालुओं को सुरक्षित और सुविधाजनक माहौल उपलब्ध कराना है।
Hashtags: #MumbaiCity #Delhi #दिल्ली #1400 #घाट #नवंबर #छुट्टी #सीएनएन #सेंट्रल #दिल्लीमें1400छठ