सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ दिल्ली: दिल्ली में रेलवे ट्रैक के पास कचरे पर केंद्र सख्त, MCD को 20 दिन की समयसीमा
नई दिल्ली: दिल्ली में रेलवे पटरियों के आसपास जमा कचरे की समस्या को लेकर केंद्र सरकार ने सख्त रुख अपनाया है। केंद्रीय गृह सचिव ने दिल्ली नगर निगम (MCD) को प्रभावित क्षेत्रों का सर्वे कर 20 दिनों के भीतर व्यापक कार्ययोजना तैयार करने का निर्देश दिया है। इस योजना में कचरे का नियमित उठान, उचित निस्तारण और दोबारा कचरा जमा होने से रोकने के उपाय शामिल होंगे।
26 अक्टूबर को विशेष स्वच्छता अभियान 6.0 की समीक्षा बैठक में रेलवे बोर्ड ने इस समस्या को प्रमुखता से उठाया था। उपलब्ध आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली के कुल 365.2 किलोमीटर रेलवे ट्रैक में से 18.93 किलोमीटर हिस्सा कचरे से प्रभावित है। इन हिस्सों में 125 स्थानों पर पुराना कचरा जमा है। इससे पर्यावरण प्रदूषण, आसपास रहने वाले लोगों के स्वास्थ्य और रेल परिचालन की सुरक्षा को लेकर चिंता जताई गई है।
गृह सचिव ने MCD को निर्देश दिया है कि रेलवे ट्रैक से सटी सभी कॉलोनियों और झुग्गी बस्तियों का 15 दिनों के भीतर सर्वे किया जाए। इसके तहत कचरा उत्पादन की मात्रा और उसके स्रोतों की पहचान की जाएगी। साथ ही अनधिकृत बस्तियों में भी घर-घर से कचरा संग्रहण की व्यवस्था प्रभावी रूप से लागू करनी होगी, ताकि लोग पटरियों के किनारे कचरा न फेंकें।
अधिकारियों को कचरे के नियमित निस्तारण के लिए अधिकृत स्थानों की व्यवस्था करने और अवैध रूप से कचरा डालने वालों के खिलाफ निगरानी एवं कार्रवाई मजबूत करने को कहा गया है। लोगों को जागरूक करने के लिए सामाजिक संगठनों और गैर सरकारी संस्थाओं की मदद से अभियान भी चलाया जाएगा।
MCD ने 17 अगस्त से 17 अक्टूबर 2026 के बीच विशेष सफाई अभियान के तहत रेलवे ट्रैक के आसपास से 5,997 मीट्रिक टन कचरा हटाया था। शाहदरा, इंद्रलोक और दया बस्ती के आसपास विशेष सफाई कराई गई। इसके बावजूद 125 स्थानों पर कचरे की समस्या बनी हुई है। अब केंद्र सरकार की समयसीमा के बाद निगम के सामने नियमित सफाई और स्थायी कचरा प्रबंधन व्यवस्था लागू करने की चुनौती है।
Hashtags: #DelhiState #Delhi #दिल्ली #रेलवे #ट्रैक #पास #कचरे #केंद्र #सख्त #दिल्लीमेंरेलवेट्रैक