सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड..न्यूज़ भोपाल: भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में सुपरस्पेशियलिटी कोर्स शुरू हो गए हैं। कार्डियोलॉजी विभाग में डीएम कोर्स की 3 सीटें और न्यूरो सर्जरी विभाग में एमसीएच की 2 सीटों पर स्टूडेंट्स ने जॉइन कर लिया है। इसके साथ ही अब कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी भी सोमवार से शनिवार तक तक रोजाना संचालित होगी। न्यूरो सर्जरी विभाग में भी अब पूरे समय डॉक्टर मरीज की सेवा के लिए उपलब्ध होंगे।
बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि बीएमएचआरसी में सुपरस्पेशियलिटी कोर्स शुरू होना हमारे लिए बहुत खुशी और गर्व की बात है। यह संस्थान के लिए एक बड़ी उपलब्धि है। सुपरस्पेशियलिटी कोर्स शुरू होने से मरीजों को प्राप्त होने वाले उपचार में गुणवत्ता बढ़ेगी। साथ ही रिसर्च संबंधी गतिविधियों को बढ़ावा मिलेगा। वर्तमान में कार्डियोलॉजी विभाग की ओपीडी सप्ताह में चार दिन संचालित होती थी। अब पूरे सोमवार से शनिवार तक संचालित होगी।
श्रीवास्तव ने बताया कि एनेस्थीशियोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी, मनोचिकित्सा और नेत्र रोग विभाग में पीजी कोर्स पहले ही शुरू हो चुके हैं। उन्होंने बताया कि एमबीबीएस की 100 सीटों के साथ—साथ रेडियोलॉजी, ट्रान्सफ्यूजन मेडिसिन, पल्मोनरी मेडिसिन और यूरोलॉजी विभाग में पीजी कोर्स शुरू करने के लिए मप्र आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (एमपीएमएसयू) से कन्सेंट ऑफ एफिलिएशन प्राप्त हो गया है। नैशनल मेडिकल काउंसिल एनएमसी से लेटर ऑफ परमिशन प्राप्त होने के बाद इन विभागों में भी अगले वर्ष से एमबीबीएस कोर्स व पीजी कोर्स शुरू हो जाएंगे। इसके अलावा अगले वर्ष से एम. फिल. (क्लिनिकल साइकॉलजी) और बीपीटी (बैचलर ऑफ फिजियोथैरेपी) कोर्स भी शुरू होने की उम्मीद है।