सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क– इंटीग्रेटेड ट्रेड .. न्यूज़ भोपाल: भोपाल मेमोरियल अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में विशेषज्ञ चिकित्सकों के स्थायी पदों पर जल्द ही नियुक्तियां होंगी। भारतीय आयुर्विज्ञान अनुसंधान परिषद (आईसीएमआर) ने बीएमएचआरसी में प्रोफेसर के 3 और सहायक प्रोफसर के 19 पदों पर नियुक्ति के लिए भर्ती सूचना जारी की है। जिन विभागों में फैकल्टी पदों पर डॉक्टरों की नियुक्तियां होनी हैं, उनके नाम हैं — कार्डियोलॉजी, कार्डियक थोरोसिक एंड वस्क्युलर सर्जरी (सीटीवीएस), गैस्ट्रो मेडिसिन, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी, पल्मोनरी मेडिसिन, सर्जिकल ऑन्कॉलजी, न्यूरोलॉजी, गैस्ट्रो सर्जरी, न्यूरोसर्जरी, माइक्रोबायोलॉजी, ट्रान्सफ्यूजन मेडिसिन।

यह भर्ती सूचना आईसीएमआर की वेबसाइट पर उपलब्ध है। उम्मीदवारों को इन पदों पर अप्लाई करने के लिए एक ऑनलाइन फॉर्म भरना होगा, जिसकी लिंक आईसीएमआर की वेबसाइट पर मौजूद भर्ती सूचना में दी गई है। इन पदों के लिए आवेदन करने की अंतिम तारीख 16 फरवरी है। बीएमएचआरसी की प्रभारी निदेशक डॉ मनीषा श्रीवास्तव ने बताया कि हमें आशा है कि इस नियुक्ति प्रक्रिया के जरिए रिक्त पड़े फैकल्टी के अधिकतर पद भर लिए जाएंगे। इससे अस्पताल में आने वाले मरीजों को काफी लाभ होगा व गैस पीड़ित मरीजों को भी किसी तरह की परेशानी का सामना नहीं करना पड़ेगा।

वर्तमान में बीएमएचआरसी के कई विभागों में कार्यरत असिस्टेंट प्रोफेसर संविदा पद पर कार्यरत हैं। वे सभी इन पदों के लिए आवेदन कर सकते हैं। डॉ श्रीवास्तव ने बताया कि बीएमएचआरसी मध्य भारत के एक प्रमुख पोस्ट ग्रैजुएट इंस्टिट्यूट के तौर पर विकसित हो रहा है। एनेस्थीशियोलॉजी, ऑप्थेलमोलॉजी, माइक्रोबायोलॉजी समेत कुछ विभागों में पीजी कोर्स संचालित हो रहे हैं। बीएमएचआरसी मप्र मेडिकल साइंस यूनिवर्सिटी जबलपुर से संबद्ध है। नए अकादमिक सत्र से संस्थान में 100 सीटों के साथ मेडिकल कॉलेज शुरू होने की भी उम्मीद है।