सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : ट्रांसजेंडरों की अधूरी जरूरतों को पूरा करने के लिए एम्स भोपाल में “ट्रांसजेंडर क्लीनिक” का उद्घाटन किया गया। देश के सभी एम्स में यह इस तरह का पहला क्लीनिक है। इस विशेष क्लीनिक में मनोचिकित्सा, एंडोक्रिनोलॉजी, यूरोलॉजी और प्लास्टिक सर्जरी विभाग की सेवाएं उपलब्ध रहेंगी। यह क्लीनिक हर महीने के पहले और तीसरे गुरुवार को दोपहर 2 बजे से शाम 4 बजे तक चलेगा । व्यापक नैदानिक देखभाल प्रदान करने के लिए सभी शामिल विभाग मिल जुल कर आवश्यकतानुसार कार्य करेंगे ।

क्लीनिक का उद्घाटन करते हुए एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने कहा कि यह मनोचिकित्सा, एंडोक्रिनोलॉजी, यूरोलॉजी और बर्न्स और प्लास्टिक सर्जरी विभागों द्वारा एक अनूठी पहल है। यह क्लीनिक ट्रांसजेंडर आबादी और उनके परिवारों को उनकी देखभाल में शामिल संवेदनशीलताओं को ध्यान में रखते हुए विशेष तरीके से व्यापक सेवाएं प्रदान करेगा।

इस क्लीनिक में ट्रांसजेंडर और एलजीबीटीक्यू+ सदस्यों के समग्र स्वास्थ्य पर ध्यान देने के साथ इस क्षेत्र में काम करने वाले गैर सरकारी संगठनों के सहयोग से सेवाएं प्रदान की जाएंगी। इस दौरान अनमोल एनजीओ के अध्यक्ष अब्दुल माजिद ने एलजीबीटीक्यू+ सदस्यों के सामने आने वाली जमीनी स्तर की कठिनाइयों को साझा किया और उन्होंने जरूरतमंद व्यक्तियों को इस क्लीनिक तक पहुंचने में सहयोग का भी आश्वासन दिया है।

उद्घाटन समारोह में कुछ ट्रांसजेंडरों ने भी भाग लिया और उनके लिए एक विशेष क्लीनिक शुरू करने पर खुशी व्यक्त की। इससे पहले, मनोचिकित्सा विभाग के प्रमुख विजेंदर सिंह ने उपस्थिति का स्वागत किया और उपलब्ध होने वाली सेवाओं के बारे में बताया। यह विशेष क्लीनिक ऐसे ट्रांसजेंडर की आवश्यकताओं को पूरा करेगा, जो आमतौर पर खुद को हाशिये पर समझ कर हीन भावना से ग्रस्त रहते हैं।

इस क्लीनिक के प्राथमिक लाभार्थी लिंग डिस्फोरिया, जिसे पहले जेंडर आइडेंटिटी डिसऑर्डर कहा जाता था से ग्रसित किशोर और वयस्क दोनों होंगे। सेवाओं में स्त्रीकरण या पुरुषीकरण के लिए आवश्यक क्लीनिकल अस्सेस्मेंट्स मूल्यांकन, मनोचिकित्सा, हार्मोनल उपचार और कॉस्मेटिक सर्जरी (छोटी और बड़ी) और आवश्यकतानुसार लिंग डिस्फोरिया का प्रमाणीकरण शामिल होगा। कार्यक्रम में डीन (एकेडेमिक्स), चिकित्सा अधीक्षक (कार्यवाहक), संकाय सदस्य, रेसिडेंट्स और अन्य अधिकारी उपस्थित थे।