सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: 75वां गणतंत्र दिवस पूरे हर्ष – उल्लास के साथ एम्स भोपाल में मनाया गया। इस अवसर पर एम्स भोपाल परिसर में कार्यपालक निदेशक प्रोफेसर अजय सिंह एवं अध्यक्ष सुनील मलिक ने तिरंगा फहराया।
इस अवसर पर बड़ी संख्या में संकाय सदस्य , डॉक्टर्स, अधिकारी, कर्मचारी एवं उनके परिवार के सदस्य उपस्थित थे। मुख्य कार्यक्रम एम्स भोपाल के अटल बिहारी वाजपेई सभागार में आयोजित किया गया। इस अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए एम्स भोपाल के कार्यपालक निदेशक अजय सिंह ने उन वीर जवानों को याद किया जिनके कारण आज हम इस स्वतंत्र वायुमंडल में सांस ले पा रहे हैं ।
इसके साथ ही उन्होंने उपस्थित लोगों का आवाहन करते हुए कहा कि हमें अपने संस्थान के प्रति पूरी प्रतिबद्धता के साथ समर्पण की भावना रखनी चाहिए ताकि हम संस्थान को नई ऊंचाइयों पर ले जा सकें । सिंह ने कुछ उपलब्धियां की चर्चा करते हुए कहा कि ओपीडी में मरीजों की संख्या में 56% की बढ़ोतरी हुई है, आईपीडी में भर्ती होने वाले मरीज 32000 से बढ़कर 50000 हो गए हैं, जबकि इमरजेंसी के मामलों में 170% की बढ़ोतरी हुई है। बेड ऑक्युपेंसी 62 से बढ़कर 77% हो गई है, वहीं आयुष्मान भारत योजना के लाभार्थी 53% बढ़कर 13337 हो गए हैं।
इसी प्रकार शोध के क्षेत्र में भी एम्स भोपाल ने उल्लेखनीय प्रगति हासिल की है। इसके अतिरिक्त छात्रों के कल्याण के लिए भी कई सार्थक पहल की गई हैं। किंतु अपनी इन उपलब्धियां से हमें संतुष्ट होकर नहीं बैठना है बल्कि आने वाले कल के लिए और अधिक मेहनत और लगन के साथ काम करना है। सिंह ने कहा कि आने वाले दिनों में ट्रांसप्लांट सेंटर की स्थापना, ट्रांसजेंडर क्लीनिक की शुरुआत, दूरदराज इलाकों में दवा की डिलीवरी और रक्त नमूने एकत्र करने के लिए ड्रोन की सुविधा, नए प्रशासनिक भवन का उद्घाटन, अपेक्स पीडियाट्रिक सेंटर और क्रिटिकल केयर यूनिट की स्थापना आदि कुछ ऐसे कार्य हैं जो शुरू करने है ।