ITDC India e-Press / Agencies

महाराष्ट्र। महाराष्ट्र के सतारा जिले के कराड में एक महिला पुलिसकर्मी का जन्मदिन मनाने का वीडियो विवादों में आ गया है। महिला पुलिसकर्मी सोनल पाटिल ने कोल्हापुर नाका-नांदलापुर फ्लाईओवर पर अपनी नई कार के साथ जन्मदिन मनाया। खास बात यह है कि इसी फ्लाईओवर पर करीब 10 से 15 दिन पहले हुए भीषण सड़क हादसे में चार युवकों की मौत हो गई थी। जन्मदिन समारोह का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद पुलिसकर्मी के आचरण को लेकर सवाल उठ रहे हैं।

वायरल वीडियो में सोनल पाटिल अपनी कार के बोनट पर केक काटती और उसके साथ तस्वीरें खिंचवाती नजर आ रही हैं। समारोह के दौरान फूलों का गुलदस्ता और पायरो गन से निकलती सुनहरी चिंगारियां भी दिखाई दे रही हैं। पूरे कार्यक्रम को वीडियो में रिकॉर्ड कर सोशल मीडिया पर रील के रूप में साझा किया गया।

जिस स्थान पर यह आयोजन हुआ, वहां हाल ही में एक दर्दनाक सड़क दुर्घटना हुई थी। 21 अक्टूबर को कोल्हापुर से सातारा की ओर जा रही एक एसयूवी की ट्रक और टेंपो से टक्कर हो गई थी। हादसे में चार युवकों की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि तीन अन्य घायल हुए थे।

वीडियो सामने आने के बाद नागरिकों ने सार्वजनिक फ्लाईओवर पर इस तरह निजी समारोह आयोजित करने और यातायात सुरक्षा की अनदेखी को लेकर सवाल उठाए हैं। फिलहाल इस मामले में पुलिस विभाग की ओर से किसी कार्रवाई की आधिकारिक जानकारी सामने नहीं आई है।


Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #चार #युवकों #मौत #वाले #फ्लाईओवर #महिला #पुलिसकर्मी #चारयुवकोंकीमौत