मुंबई। फिल्म निर्माता नमित मल्होत्रा अपनी महत्वाकांक्षी फिल्म ‘रामायण’ को दुनिया भर के दर्शकों तक पहुंचाने के लिए उत्साहित हैं। रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत इस फिल्म के वैश्विक विजन को लेकर उन्होंने अपनी खुशी जाहिर करते हुए इसे अपने करियर का बेहद खास अवसर बताया। अपनी उपलब्धि की तुलना करते हुए उन्होंने कहा कि यह उनके लिए वैसा ही अनुभव है, जैसे सचिन तेंदुलकर को पदार्पण के साथ ही विश्व कप खेलने का मौका मिल जाए।
एक साक्षात्कार में नमित ने कहा कि भारतीय सिनेमा का इतिहास 100 साल से भी अधिक पुराना है और इस विरासत का हिस्सा बनकर ‘रामायण’ जैसी महागाथा को पहले से बड़े स्तर पर दुनिया के सामने प्रस्तुत करना उनके लिए सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि उनसे पहले कई पीढ़ियों के फिल्मकारों ने भारतीय सिनेमा को समृद्ध बनाया है, लेकिन इस पैमाने पर रामायण प्रस्तुत करने का अवसर मिलना उनके लिए अविश्वसनीय है।
नमित का लक्ष्य भारतीय पौराणिक कथाओं को अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंचाना है। उनका मानना है कि पश्चिमी दर्शक ‘द ओडिसी’, ‘लॉर्ड ऑफ द रिंग्स’, ‘हैरी पॉटर’ और ‘स्टार वार्स’ जैसी गाथाओं से परिचित हैं, लेकिन रामायण की मौलिकता और सांस्कृतिक महत्व से उन्हें परिचित कराने की बड़ी संभावना है।
नितेश तिवारी के निर्देशन में बनी फिल्म में रणबीर कपूर भगवान राम, साई पल्लवी माता सीता और यश रावण की भूमिका में हैं। निर्माता को उम्मीद है कि फिल्म भारतीय कहानी कहने की क्षमता को वैश्विक मंच पर नई पहचान दिलाएगी।
Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #रामायण #ग्लोबल #पहचान #दिलाने #सपना #नमित #मल्होत्रा #रामायणकोग्लोबलपहचान