ITDC India e-Press / Agencies

फंड नहीं मिला तो चुनाव में हारेंगे NCP विधायक, सुनेत्रा पवार से लगाई गुहार

मुंबई। महाराष्ट्र में सत्तारूढ़ महायुति गठबंधन के भीतर फंड आवंटन को लेकर सहयोगी दलों के बीच असंतोष सामने आया है। राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (NCP) के विधायकों ने उपमुख्यमंत्री और पार्टी अध्यक्ष सुनेत्रा पवार के सामने अपनी नाराजगी जाहिर करते हुए आरोप लगाया कि सरकार में शामिल होने के बावजूद उनके निर्वाचन क्षेत्रों में विकास कार्यों के लिए पर्याप्त धनराशि नहीं मिल रही है। विधायकों ने चेतावनी दी कि यदि यही स्थिति जारी रही तो आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें उतने ही वोटों से हार का सामना करना पड़ सकता है, जितने वोटों से वे पिछला चुनाव जीते थे।

बीजेपी और शिवसेना पर लगाए आरोप मुंबई स्थित देवगिरि बंगले पर 3 नवंबर की रात हुई बैठक में विधायकों ने बीजेपी और एकनाथ शिंदे के नेतृत्व वाली शिवसेना से जुड़े मंत्रियों के कामकाज पर सवाल उठाए। कुछ विधायकों ने आरोप लगाया कि शिंदे गुट के विभागों से उनके क्षेत्रों के विकास कार्यों को मंजूरी और फंड नहीं मिल रहा है। नासिक की एक महिला विधायक ने शिकायत की कि कुंभ मेले से जुड़े विकास कार्यों में NCP को विश्वास में नहीं लिया जा रहा है। वहीं, सातारा के एक विधायक ने जिला परिषद चुनाव के दौरान बीजेपी पर सहयोगी दलों की अनदेखी और परेशानी पैदा करने का आरोप लगाया।

सुनेत्रा पवार ने सुनीं शिकायतें बैठक में सुनेत्रा पवार ने विधायकों से राजनीतिक बयानबाजी के बजाय अपनी समस्याएं और सुझाव रखने को कहा। प्रदेश अध्यक्ष सुनील तटकरे ने भी फंड की कमी से जुड़ी शिकायतों को स्वीकार किया। बैठक में पार्टी कार्यालय में जनता दरबार दोबारा शुरू करने और विधायकों के साथ हर सप्ताह बैठक करने का निर्णय लिया गया। सुनेत्रा पवार ने विकास कार्यों के लिए फंड का मुद्दा मंत्रिमंडल की बैठक में उठाने की जिम्मेदारी लेने की बात कही।

इस बैठक के बाद पार्टी की कोर कमेटी की बैठक भी हुई। विधायकों की नाराजगी ने महायुति में सहयोगी दलों के बीच समन्वय और विकास निधि के बंटवारे को लेकर नई राजनीतिक चर्चा शुरू कर दी है।


Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #फंड #नहीं #मिला #चुनाव #हारेंगे #Ncp #विधायक #फंडनहींमिलातो