ITDC India e-Press / Agencies

PM मोदी ने फोन कर जाना शरद पवार का हाल, जल्द आराम करने की दी सलाह

मुंबई। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने राष्ट्रवादी कांग्रेस पार्टी (शरदचंद्र पवार) के प्रमुख शरद पवार को फोन कर उनके स्वास्थ्य की जानकारी ली। 85 वर्षीय शरद पवार इस समय मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती हैं। प्रधानमंत्री ने उनसे बातचीत के दौरान पूरी तरह आराम करने और अपनी सेहत को प्राथमिकता देने की सलाह दी। इस फोन कॉल की जानकारी शरद पवार के करीबी सहयोगी विठ्ठल मणियार ने दी।

मोदी ने सुप्रिया सुले का भी किया जिक्र विठ्ठल मणियार के मुताबिक, प्रधानमंत्री मोदी ने शरद पवार से स्नेहपूर्वक बातचीत की और कहा कि अब सुप्रिया सुले और अन्य लोग देश की जिम्मेदारी संभालने के लिए तैयार हैं, इसलिए उन्हें अपनी सेहत का ध्यान रखते हुए आराम करना चाहिए। शरद पवार ने प्रधानमंत्री का आभार जताया और कहा कि वह आराम कर रहे हैं। उन्होंने भरोसा जताया कि सभी लोग अपनी जिम्मेदारियां संभाल रहे हैं।

पुणे के अस्पताल से मुंबई किया गया था शिफ्ट शरद पवार को 2 नवंबर को खांसी और सांस लेने के दौरान सीने में दर्द की शिकायत के बाद पुणे के रूबी हॉल क्लिनिक में भर्ती कराया गया था। दो दिन तक चिकित्सकीय निगरानी और जांच के बाद 4 नवंबर को उन्हें अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। इसके बाद वह मुंबई पहुंचे।

आगे की जांच के लिए ब्रीच कैंडी में भर्ती पुणे से छुट्टी मिलने के बाद शरद पवार को आगे की चिकित्सकीय जांच के लिए मुंबई के ब्रीच कैंडी अस्पताल में भर्ती कराया गया। उनकी बेटी और सांसद सुप्रिया सुले ने सोशल मीडिया के माध्यम से इसकी जानकारी दी थी। उन्होंने पिता के स्वास्थ्य को लेकर शुभकामनाएं देने वाले लोगों का आभार भी जताया।

फिलहाल ब्रीच कैंडी अस्पताल की ओर से उनकी स्वास्थ्य स्थिति पर विस्तृत मेडिकल बुलेटिन जारी होने की जानकारी सामने नहीं आई है। परिवार की ओर से उन्हें आगे की जांच के लिए भर्ती कराए जाने की बात कही गई है।


Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #मोदी #फोन #जाना #शरद #पवार #हाल #जल्द #PMमोदीनेफोन