आयुष्मान खुराना को धमकी देने वाला IT इंजीनियर गिरफ्तार, करोड़ों की रंगदारी मांगी
मुंबई। बॉलीवुड अभिनेता आयुष्मान खुराना और तुषार कपूर को धमकी भरे संदेश भेजकर करोड़ों रुपये की रंगदारी मांगने के मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच ने बेंगलुरु से एक आईटी इंजीनियर को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 30 वर्षीय वैभव मिश्रा के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, उसने खुद को लॉरेंस बिश्नोई गैंग से जुड़ा बताकर फिल्मी सितारों को डराने और उनसे पैसे वसूलने की कोशिश की।
इंस्टाग्राम के जरिए भेजे धमकी भरे संदेश पुलिस जांच के अनुसार, आरोपी ने आयुष्मान खुराना को इंस्टाग्राम के जरिए धमकी भरा संदेश भेजा था और करोड़ों रुपये की मांग की थी। इसके अलावा तुषार कपूर को भी एक ऑडियो संदेश भेजा गया था, जिसमें भेजने वाले ने खुद को हैरी बॉक्सर बताते हुए पांच करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी थी। पुलिस को आशंका है कि आरोपी ने कई अन्य बॉलीवुड हस्तियों को भी निशाना बनाया।
तकनीकी जांच से पकड़ा गया आरोपी शिकायत मिलने के बाद मुंबई क्राइम ब्रांच ने सोशल मीडिया प्रोफाइल और तकनीकी जानकारियों के आधार पर संदेश भेजने वाले की तलाश शुरू की। जांच के दौरान आरोपी का आईपी एड्रेस बेंगलुरु में मिला। इसके बाद मुंबई पुलिस की टीम ने स्थानीय पुलिस की मदद से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी को ट्रांजिट रिमांड पर मुंबई लाया जा रहा है।
लॉरेंस गैंग से संबंध नहीं होने का शक पुलिस की शुरुआती जांच में वैभव मिश्रा का लॉरेंस बिश्नोई गैंग से कोई संबंध सामने नहीं आया है। अधिकारियों को संदेह है कि उसने टाइगर श्रॉफ की कार पर हुई फायरिंग के बाद बॉलीवुड में बने डर के माहौल का फायदा उठाकर जल्दी पैसा कमाने की कोशिश की। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि धमकी वाले ऑडियो तैयार करने में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस का इस्तेमाल हुआ था या नहीं। पुलिस के मुताबिक, आरोपी ने सोशल मीडिया पर ऑटो-डिलीट फीचर का इस्तेमाल किया था, जिससे संदेश 24 घंटे बाद गायब हो सकते थे। अब साइबर फॉरेंसिक विशेषज्ञों की मदद से हटाए गए संदेशों और अन्य डिजिटल साक्ष्यों को हासिल करने की कोशिश की जा रही है। मामले में आगे की पूछताछ जारी है।
Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #आयुष्मान #खुराना #धमकी #देने #वाला #इंजीनियर #गिरफ्तार #आयुष्मानखुरानाकोधमकी