मुंबई। मुंबई के भांडुप इलाके में शादी की खुशियां उस समय मातम और अफरा-तफरी में बदल गईं, जब शादी समारोह में खाना खाने के बाद दूल्हा-दुल्हन समेत बड़ी संख्या में मेहमानों की तबीयत बिगड़ गई। उल्टी, दस्त और पेट दर्द की शिकायत के बाद लोगों को आनन-फानन में अस्पताल पहुंचाना पड़ा। घटना 1 नवंबर को नाहुर पश्चिम स्थित नालंदा बुद्ध विहार हॉल में आयोजित विवाह समारोह की है।
शादी में करीब 400 से 500 मेहमान शामिल हुए थे। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, भोजन की आखिरी पंगत में खाना खाने वाले लगभग 70 से 100 लोगों को स्वास्थ्य संबंधी परेशानी हुई। इनमें नवविवाहित जोड़ा भी शामिल था। कम से कम 31 लोगों को अलग-अलग अस्पतालों में भर्ती कराया गया। मुलुंड के एमटी अग्रवाल अस्पताल सहित अन्य अस्पतालों में मरीजों का उपचार किया गया। अस्पताल प्रशासन के अनुसार भर्ती मरीजों की हालत स्थिर बताई गई।
परिजनों ने कैटरिंग सेवा पर खराब और बासी भोजन परोसने का आरोप लगाया है। बताया जा रहा है कि समारोह के अंतिम दौर में मेहमानों को दूध से बनी मिठाई परोसी गई थी। इसी मिठाई को बीमारी की संभावित वजह माना जा रहा है, हालांकि इसकी आधिकारिक पुष्टि जांच रिपोर्ट आने के बाद ही होगी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए खाद्य एवं औषधि प्रशासन (एफडीए) ने जांच शुरू की और खाद्य सामग्री के नमूने एकत्र किए। भांडुप पुलिस ने कैटरिंग संचालक मूलसिंह हरिसिंह राजपुरोहित और अन्य संबंधित लोगों के खिलाफ कथित लापरवाही के मामले में केस दर्ज किया है। पुलिस और एफडीए की जांच जारी है।
Hashtags: #MumbaiCity #Bhopal #शादी #दावत #बनी #मुसीबत #दूल्हा #दुल्हन #समेत #शादीकीदावतबनी