सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : -प्रशासनिक टीम के दक्ष होने से संस्थान का कार्यप्रणाली ढांचा मजबूत होगा: मनीषा श्रीवास्तव -अस्पताल जैसे तकनीकी संस्थानों में वित्तीय व प्रशासनिक नियमों की समझ अनिवार्य:राजीव माझी भोपाल, आईसीएमआर भोपाल स्मारक अस्पताल एवं अनुसंधान केंद्र (बीएमएचआरसी) में संस्थान के निजी सचिव, निज सहायक और कंप्यूटर ऑपरेटर्स की प्रशासनिक कार्यकुशलता और दक्षता बढ़ाने के उद्देश्य से दो सप्ताह का विशेष प्रशिक्षण कार्यक्रम प्रारंभ हुआ। कार्मिक एवं प्रशिक्षण विभाग, भारत सरकार के अंतर्गत देश के शीर्ष प्रशिक्षण संस्थान 'इंस्टीट्यूट ऑफ सेक्रेटेरियल ट्रेनिंग एंड मैनेजमेंट', नई दिल्ली के तत्वावधान में आयोजित यह 'सेक्रेटेरियल एवं ऑफिस मैनेजमेंट' प्रशिक्षण 6 नवंबर तक संचालित किया जाएगा।

उद्घाटन समारोह को नई दिल्ली से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से संबोधित करते हुए आईएसटीएम के निदेशक राजीव माझी ने कहा कि अस्पताल जैसे तकनीकी और चिकित्सीय संस्थानों में प्रशासनिक व कार्यालयीन मामलों के संचालन की अपनी विशिष्ट चुनौतियां होती हैं। उन्होंने कहा कि जनरल फाइनेंशियल रूल्स ,नोटिंग-ड्राफ्टिंग और सीसीएस कंडक्ट रूल्स की सीमित समझ के कारण वरिष्ठ अधिकारियों के स्तर पर त्वरित निर्णय लेने में कई बार व्यावहारिक कठिनाइयां आती हैं। इसी आवश्यकता को ध्यान में रखते हुए बीएमएचआरसी के इस विशेष प्रस्ताव को प्राथमिकता देकर यह सत्र आयोजित किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि आईएसटीएम केवल पारंपरिक व्याख्यान तक सीमित न रहकर केस स्टडीज, समूह चर्चा और आधुनिक 'लर्निंग रीइन्फोर्समेंट मैकेनिज्म' के जरिए प्रशिक्षण देता है, जिससे कर्मचारी जटिल प्रशासनिक फाइलों व प्रस्तावों को संक्षिप्त, स्पष्ट और प्रभावी रूप से प्रस्तुत करने की कला सीख सकें। समारोह की मुख्य अतिथि एवं बीएमएचआरसी की निदेशक मनीषा श्रीवास्तव ने प्रतिभागियों से प्रशिक्षण में पूर्ण सक्रियता दिखाने की अपील की। उन्होंने कहा कि इस 10 दिवसीय प्रशिक्षण शेड्यूल में बेहद उपयोगी और प्रासंगिक विषयों को शामिल किया गया है। जब प्रशासनिक अमला नियमों से पूरी तरह लैस और दक्ष होगा, तो संस्थान का ओवरऑल एडमिनिस्ट्रेटिव फ्रेमवर्क मजबूत होगा और व्यवस्थाएं सुदृढ़ होंगी। कार्यक्रम में उपस्थित आईएसटीमए के उपनिदेशक राहुल अग्रवाल ने पाठ्यक्रम की रूपरेखा पर प्रकाश डाला और बताया कि यह प्रशिक्षण कर्मचारियों की पदोन्नति की पात्रता और कार्यक्षमता दोनों के लिए लाभकारी है। इस अवसर पर आईएसटीएम के संकाय सदस्य टी.पी. नारायण मूर्ति, बीएमएचआरसी के प्रभारी चिकित्सा अधीक्षक अनुराग यादव सहित अन्य अधिकारी और सभी प्रतिभागी उपस्थित रहे।


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #बीएमएचआरसी #सेक्रेटेरियल #ऑफिस #मैनेजमेंट #प्रशिक्षण #शुरू #सीएनएन #बीएमएचआरसीमेंसेक्रेटेरियलऑफिस