सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : पश्चिम मध्य रेल, भोपाल मंडल में रेल परिचालन की संरक्षा सुनिश्चित करने तथा संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में सतर्कता, तत्परता एवं कर्तव्यनिष्ठा का परिचय देने वाले रेलकर्मियों को मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने सम्मानित किया। इन रेलकर्मियों ने अपने कार्य के दौरान संभावित खतरों एवं तकनीकी खामियों की समय रहते पहचान कर संबंधित अधिकारियों को सूचित किया, जिससे आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सकी। प्रफुल्ल प्रकाश पुरोहित, ट्रॉलीमैन, गुलाबगंज: पुरोहित ने गुलाबगंज स्टेशन के निकट एक मालगाड़ी के वैगन में ब्रेक जाम होने की स्थिति को देखा और तत्काल स्टेशन प्रबंधक को इसकी सूचना दी। इसके बाद पबई स्टेशन पर गाड़ी को रोककर जांच की गई, जिसमें वैगन का ब्रेक जाम पाया गया। उनकी सतर्कता से समय रहते तकनीकी खराबी का पता लगाने और संभावित दुर्घटना को रोकने में मदद मिली।
रामचरण पटेल, कांटेवाला, अशोक नगर एवं कमलेश मीना, गुड्स ट्रेन मैनेजर: अशोक नगर स्टेशन पर गाड़ी की शंटिंग के दौरान संबंधित रेलकर्मियों ने वैगन में हाट एक्सल से संबंधित स्थिति पर सतर्कता बरती और आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने में योगदान दिया। उनकी सजगता से रेल परिचालन की संरक्षा बनाए रखने में सहायता मिली। मुकेश कुमार, ट्रैक मेंटेनर, एवं अवधेश शर्मा, ट्रैक मेंटेनर-III, मोहना: घाटीगांव–पनिहार सेक्शन में किलोमीटर संख्या 1289 से 1291 के मध्य ट्रैक पेट्रोलिंग के दौरान दोनों कर्मचारियों ने रेल पटरी पर भारी वर्षा के कारण ट्रैक पर पानी से संबंधित संभावित खतरे को समय रहते पहचाना। उन्होंने तत्काल संबंधित अधिकारियों को सूचना देकर आवश्यक संरक्षा कार्रवाई सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कैलाश, ट्रैक मेंटेनर, अशोक नगर: कैलाश ने किलोमीटर संख्या 999/08–10 पर डाउन ट्रैक में प्रातः 05:30 बजे वेल्ड क्रैक देखा। उन्होंने तत्काल वरिष्ठ अनुभाग अभियंता (पी.वे.) मुंगावली को इसकी सूचना दी तथा क्रैक पर पट्टी लगाकर सी-क्लैंप बांधा। उनकी सतर्कता एवं त्वरित कार्रवाई से रेल पटरी की खराबी को समय रहते अधिकारियों के संज्ञान में लाने और संरक्षा सुनिश्चित करने में महत्वपूर्ण योगदान मिला। धनराज मीना, उप स्टेशन प्रबंधक, शाडोरा: शाडोरा स्टेशन से मालगाड़ी के प्रस्थान के दौरान धनराज मीना ने गाड़ी के साथ जा रहे वैगन में असामान्य स्थिति देखी। उन्होंने वैगन में दुर्घटनाग्रस्त होने के संकेत एवं एक व्हील जाम होने की स्थिति पर सतर्कता बरतते हुए गाड़ी को शाडोरा स्टेशन पर जांच के लिए रुकवाया। जांच में वैगन का ब्रेक ब्लॉक जाम पाया गया। इसके बाद ब्रेक को रिलीज एवं आइसोलेट कर गाड़ी का पुनः संचालन सुनिश्चित किया गया। उनकी सजगता एवं समय पर की गई कार्रवाई से संभावित दुर्घटना को रोकने तथा रेल परिचालन की संरक्षा बनाए रखने में महत्वपूर्ण योगदान मिला।
राजेश कुमार, राजगढ़: राजगढ़ स्टेशन पर रेल इंजन एवं परिचालन से संबंधित जांच के दौरान सतर्कता बरतते हुए आवश्यक तकनीकी जांच और सुधारात्मक कार्रवाई में योगदान दिया। उनके प्रयासों से रेल परिचालन को सुरक्षित बनाए रखने में सहायता मिली। मंडल रेल प्रबंधक पंकज त्यागी ने रेलकर्मियों की सतर्कता, कर्तव्यनिष्ठा एवं संरक्षा के प्रति समर्पण की सराहना करते हुए कहा कि रेल परिचालन में सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। प्रत्येक रेलकर्मी की सजगता और जिम्मेदारी संभावित दुर्घटनाओं को रोकने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। उन्होंने सभी रेलकर्मियों से इसी प्रकार सतर्कता एवं जिम्मेदारी के साथ अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने का आह्वान किया। इस अवसर पर वरिष्ठ मंडल संरक्षा अधिकारी अजीत सिंह चौहान, वरिष्ठ मंडल परिचालन प्रबंधक रोहित मालवीय एवं वरिष्ठ मंडल इंजीनियर(समन्वय) रामेन्द्र पाण्डेय उपस्थित रहे।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #डीआरएम #सात #सतर्क #रेलकर्मियों #सम्मानित #किया #सीएनएन #डीआरएमनेसातसतर्क