सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: मध्यप्रदेश की 29 लोकसभा सीटों पर मतदान के बाद आज भोपाल में कांग्रेस के सभी प्रत्याशियों की बैठक हो रही है। प्रदेश कांग्रेस कार्यालय में आयोजित बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी के साथ प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह और पूर्व सीएम कमलनाथ शामिल हैं।
बैठक से पहले कमलनाथ ने कहा, ‘छिंदवाड़ा में बीजेपी ने प्रशासन, पैसे और बेईमानी की कोई कसर नहीं छोड़ी लेकिन जनता गद्दारों को अच्छा सबक सिखाएगी।’ वहीं, फूल सिंह बरैया ने कहा कि भाजपा ने वोटों की लूट की है। वे ऐसा सोच रहे हैं कि वोटों की धांधली करके जीत जाएंगे। मतगणना को लेकर वो बेइमानी करेंगे तो हम लट्ठ बजाएंगे।
बैठक में कांग्रेस के सभी लोकसभा प्रत्याशियों को मतगणना के दिन रखी जाने वाली सावधानियों और काउंटिंग एजेंट्स को प्रशिक्षण देने पर चर्चा हो रही है।
छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ बैठक में नहीं पहुंचे हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी अब तक नहीं आए हैं। वहीं, राजगढ़ प्रत्याशी दिग्विजय सिंह बिहार की राजधानी पटना के दौरे पर हैं। वे मीटिंग में वर्चुअली जुड़े हैं।
बैठक को बीच में ही छोड़कर निकले कमलनाथ
पीसीसी के थर्ड फ्लोर पर चल रही कांग्रेस कैंडिडेट्स की बैठक को बीच में ही छोड़कर पूर्व सीएम कमलनाथ निकल गए हैं। पार्टी पदाधिकारियों का कहना है कि उन्हें दोपहर 1:00 बजे छिंदवाड़ा जाना था। इसी वजह से वे अपनी बात रखकर रवाना हो गए हैं।
सज्जन बोले-बम को परिणाम भोगना पड़ेंगे
सज्जन सिंह वर्मा ने कहा कि इंदौर में अक्षय बम को परिणाम भोगना पड़ेंगे। हमारे मालवा में कहावत है कि विष दे दो लेकिन विश्वास मत देना। उन्होंने कांग्रेस का विश्वास तोड़ा है। न्यायपालिका ने संज्ञान लेकर 307 धारा लगाई है। गिरफ्तार होना पड़ेगा।
मीटिंग में वर्चुअली जुड़े पूर्व सीएम दिग्विजय
पूर्व सीएम और राजगढ़ प्रत्याशी दिग्विजय सिंह लोकसभा चुनाव में स्टार प्रचारक के तौर पर बिहार की राजधानी पटना के दौरे पर हैं। वे भोपाल की मीटिंग में वर्चुअली जुड़े हैं। दिग्विजय सिंह ने 4 जून को होने वाली काउंटिंग की तैयारियों को लेकर अपनी बात रखी।
पटवारी, जितेंद्र सिंह, कमलनाथ कर रहे प्रत्याशियों से रायशुमारी
बैठक में पीसीसी चीफ जीतू पटवारी, प्रदेश प्रभारी भंवर जितेंद्र सिंह और पूर्व सीएम कमलनाथ पार्टी प्रत्याशियों से बातचीत कर रहे हैं। कैंडिडेट बता रहे हैं कि मतदान के दिन उनकी सीट पर क्या स्थिति बनी थी? काउंटिंग डे के लिए क्या तैयारियां हैं?
नकुलनाथ-सिंघार अब तक नहीं पहुंचे
छिंदवाड़ा से कांग्रेस प्रत्याशी नकुलनाथ बैठक में नहीं पहुंचे हैं। हालांकि, उनके पिता और पूर्व सीएम कमलनाथ मौजूद हैं। नेता प्रतिपक्ष उमंग सिंघार भी अब तक नहीं आए हैं। उप नेता प्रतिपक्ष हेमंत कटारे बैठक में शामिल हैं।