सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : भोपाल जिले की बैरसिया तहसील स्थित कृषि उपज मंडी परिसर में ‘मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान-2026’ के अंतर्गत वृहद जनकल्याण एवं जनसमस्या निवारण शिविर और ‘उद्यम संवाद’ आयोजित किया गया। शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारियों ने शासन की जनकल्याणकारी एवं हितग्राहीमूलक योजनाओं की जानकारी दी तथा पात्र हितग्राहियों को मौके पर ही योजनाओं का लाभ प्रदान किया।

भोपाल जिले के प्रभारी मंत्री चैतन्य कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव की जनहितैषी सोच के अनुरूप आमजन की समस्याओं के त्वरित, पारदर्शी और समयबद्ध निराकरण के लिए मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान प्रारंभ किया गया है। सरकार की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र व्यक्ति को बिना किसी परेशानी के शासन की योजनाओं और सेवाओं का लाभ मिले।

एक सप्ताह में करें प्रत्येक आवेदन का निराकरण

प्रभारी मंत्री कश्यप ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन का परीक्षण कर अधिकतम एक सप्ताह में उसका गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि वे स्वयं प्रत्येक शुक्रवार को आयोजित शिविरों में पहुँचकर अधिकारियों की उपस्थिति में आवेदनों के निराकरण की प्रगति की समीक्षा कर रहे हैं। जिन आवेदनों का तत्काल निराकरण संभव नहीं है, उनमें आवेदक को कारण एवं संभावित समय-सीमा की स्पष्ट जानकारी दी जाए।

फसल क्षति का होगा पारदर्शी सर्वे प्रभारी मंत्री कश्यप ने कहा कि राज्य सरकार वर्तमान वर्ष को ‘किसान कल्याण वर्ष’ के रूप में मना रही है। सोयाबीन की फसल में हुई क्षति का पारदर्शी सर्वे कराने के लिए शीघ्र ही दलों का गठन किया जाएगा। सर्वे के आधार पर पात्र किसानों को नियमानुसार सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। उन्होंने कहा कि बैरसिया क्षेत्र में ‘प्रधानमंत्री आवास योजना 2.0’ के अंतर्गत सभी पात्र हितग्राहियों को आवास का लाभ दिलाया जाएगा। कश्यप ने कहा कि मुख्यमंत्री यादव की मंशा के अनुरूप सहकारिता एवं दुग्ध संघ को सुदृढ़ करने के साथ खाद्य प्रसंस्करण, उद्योग और पशुपालन के क्षेत्र में निरंतर कार्य किए जा रहे हैं। इन क्षेत्रों के विकास से किसानों की आय बढ़ने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं स्वरोजगार के नए अवसर भी सृजित होंगे।

उद्यमियों की समस्याओं और सुझावों पर हुआ संवाद शिविर के साथ आयोजित ‘उद्यम संवाद’ में स्थानीय उद्योगपतियों एवं उद्यमियों ने अपनी समस्याएँ और सुझाव रखे। औद्योगिक क्षेत्र में अधोसंरचना, भू-खंड आवंटन तथा विभिन्न विभागों से संबंधित विषयों पर विस्तार से चर्चा की गई। प्रभारी मंत्री कश्यप ने संबंधित अधिकारियों को उद्यमियों की समस्याओं का प्राथमिकता से निराकरण करने के निर्देश दिए।

अंतिम व्यक्ति तक पहुँचे योजनाओं का लाभ : विधायक खत्री

बैरसिया विधायक विष्णु खत्री ने कहा कि मुख्यमंत्री जन-विश्वास अभियान का मुख्य उद्देश्य शासन की हितग्राहीमूलक योजनाओं का लाभ समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि बीज विकास निगम द्वारा बैरसिया क्षेत्र में 3 हजार टन क्षमता का अत्याधुनिक वेयरहाउस निर्मित किया जा रहा है। किसानों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने के साथ मंडी परिसर में नि:शुल्क ग्रेडिंग प्लांट भी स्थापित किया जा रहा है।

विधायक खत्री ने बैरसिया में फीवर क्लीनिक के निर्माण, चिकित्सालय के शीघ्र लोकार्पण तथा आचारपुरा औद्योगिक क्षेत्र में भू-खंडों के आवंटन की प्रक्रिया को गति देने का आग्रह किया।

नगर पालिका अध्यक्ष तनुश्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के नेतृत्व में देश ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ की भावना के साथ तेजी से आगे बढ़ रहा है। सरकार अधोसंरचना विकास, महिला सशक्तिकरण और युवाओं को रोजगार मांगने वाला नहीं, बल्कि रोजगार देने वाला बनाने के लिए प्रतिबद्ध है।

पट्टे, सीमांकन एवं बँटवारे के प्रकरणों का समय-सीमा में होगा निराकरण : कलेक्टर मिश्रा


Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #Desksource #जनकल #एनएन #टवर #DeskSource #आईट #तहस #उपज