सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने एम्स भोपाल में रैन बसेरा के निर्माण के लिए वर्चुअल माध्यम से भूमि पूजन किया। इस समारोह में भारत सरकार के माननीय केंद्रीय स्वास्थ्य और परिवार कल्याण मंत्री मनसुख मांडवीया वर्चुअल रूप से जुड़े। भूमि पूजन के अवसर पर अपने विचार व्यक्त करते हुए एम्स भोपाल के अध्यक्ष सुनील मलिक ने कहा कि पिछले 10 वर्षों में चिकित्सा के क्षेत्र में उल्लेखनीय प्रगति हुई है और पिछले डेढ़ वर्षो में प्रोफेसर अजय सिंह के नेतृत्व में एम्स भोपाल विशेष रूप से आगे बढ़ा है। हम समाज के आखिरी व्यक्ति तक बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं देने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
इस अवसर पर प्रोफेसर अजय सिंह ने विभिन्न संस्थाओं और सेवा भारती जैसे गैर सरकारी संगठनों के साथ सहयोग से मरीज और उनके रिश्तेदारों के लिए सुविधाएं बढ़ाने में एम्स भोपाल द्वारा किए जा रहे प्रयासों के बारे में बताया। एम्स भोपाल में इलाज कराने के लिए दूर दराज क्षेत्रों से आने वाले लोगों को रात में रुकने के लिए सेवा भारती के सहयोग से रैन बसेरे का निर्माण किया जाएगा। 22000 वर्ग फुट क्षेत्र में 500 कमरों का निर्माण करके आने वाले मरीज और उनके रिश्तेदारों के लिए आवास की सुविधा का समाधान मिल पाएगा। उन्होंने आशा व्यक्त की कि इस रैन बसेरे में एक सर्वधर्म प्रार्थना स्थल भी होगा और यह एक मिनी इंडिया का उदाहरण बनेगा।
एम्स भोपाल में आयोजित कार्यक्रम में विशेष अतिथि के रूप में वरिष्ठ समाजसेवी हेमंत मुक्तिबोध, सेवा भारती से श्री गोपाल कृष्ण गोदानी, श्री सुरेंद्र, राज नारायण अग्निहोत्री, श्री लक्ष्मेंद्र माहेश्वरी के अतिरिक्त अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित थे। कार्यक्रम का समापन एम्स भोपाल के उपनिदेशक (प्रशासन) कर्नल अजीत कुमार के धन्यवाद ज्ञापन के साथ हुआ।