सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर भोपाल संभाग के राजगढ़ ज़िले की नगर परिषद तलेन में आयोजित किया गया। शिविर में विधायक नरसिंहगढ़ मोहन शर्मा, संभागायुक्त भोपाल कर्मवीर शर्मा, नरसिंहगढ़ विधायक मोहन शर्मा, कलेक्टर गिरीश कुमार मिश्रा, पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जिला पंचायत इच्छित गढ़पाले की उपस्थिति में विभिन्न विभागों के अधिकारियों द्वारा प्राप्त शिकायतों एवं आवेदनों का निराकरण किया गया. इस दौरान अधिकारियों ने सीएम हेल्पलाइन की शिकायतों के संबंध में आवेदको से वन-टू-वन चर्चा भी की। आवेदकों को व्यक्तिगत रूप से बुलाकर उनकी समस्याओं एवं शिकायतों को सुना गया तथा संबंधित अधिकारियों से चर्चा कर उनके निराकरण की कार्रवाई की गई। विधायक नरसिंहगढ़ शर्मा ने ग्रामीणों से आपसी सहमति से विवाद सुलझाने, बच्चों को शिक्षा से जोड़ने एवं जैविक खेती अपनाने की अपील की
विधायक नरसिंहगढ़ शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के नेतृत्व में प्रत्येक शुक्रवार को तलेन तहसील में जनसमस्याओं के निराकरण के लिए जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर का आयोजन होना सौभाग्य की बात है। आज भोपाल संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा सहित जिला प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी यहां उपस्थित हैं, जो आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका निराकरण सुनिश्चित करेंगे। जिला प्रशासन द्वारा अनेक समस्याओं का समाधान किया जाता है, वहीं कुछ समस्याओं का निराकरण हम आपसी समन्वय और समझदारी से भी कर सकते हैं। उन्होंने कहा कि छोटी-छोटी बातों को लेकर विवादों में उलझने के बजाय आपसी सहमति से समस्याओं का समाधान करना चाहिए। विशेषकर जमीन संबंधी विवादों में अनावश्यक उलझने से बचना चाहिए, क्योंकि कई बार किसान थोड़े से क्रोध में आकर
अपनी मेहनत की कमाई न्यायालयीन प्रकरणों में खर्च कर देते हैं। उन्होंने कहा कि बच्चों का भविष्य संवारने के लिए उन्हें शिक्षा से जोड़ना आवश्यक है।
विधायक नरसिंहगढ़ शर्मा ने बिजली की बचत करने की अपील करते हुए कहा कि विद्युत उत्पादन में संसाधनों का उपयोग होता है, इसलिए बिजली का अनावश्यक उपयोग नहीं करना चाहिए। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री यादव द्वारा आमजन को रोजगार उपलब्ध कराने तथा उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने किसानों से रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग से बचने तथा जैविक खेती को अपनाने की अपील की। उन्होंने कहा कि रासायनिक खाद के अत्यधिक उपयोग से मिट्टी की उर्वरता प्रभावित होती है और इसके दुष्प्रभाव स्वास्थ्य पर भी पड़ सकते हैं। किसान गोबर की खाद एवं जैविक खाद का उपयोग कर मिट्टी की गुणवत्ता बनाए रखें। उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे गांव के सर्वांगीण विकास के लिए मिलकर प्रयास करें। साथ ही, शिविर में उपस्थित अधिकारियों से अपनी समस्याएं साझा करें, ताकि उनका समयबद्ध निराकरण किया जा सके।
संभागायुक्त भोपाल संभाग भोपाल शर्मा ने उद्यम स्थापना एवं आजीविका मिशन से जुड़कर आत्मनिर्भर बनने की अपील की संभागायुक्त भोपाल कर्मवीर शर्मा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव के निर्देशानुसार प्रत्येक जनविश्वास अभियान के अंतर्गत शिविर आयोजित किए जा रहे हैं। इन शिविरों का उद्देश्य आमजन की समस्याओं को सुनकर उनका मौके पर ही निराकरण सुनिश्चित करना है। शिविर में प्राप्त होने वाले आवेदनों को कंप्यूटर पर दर्ज किया जाता है तथा प्रत्येक आवेदन के निराकरण के लिए संबंधित अधिकारियों द्वारा कार्रवाई की जाती है। सीएम हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों की नियमित मॉनिटरिंग की जाती है, ताकि आवेदकों की समस्याओं का समय पर समाधान हो सके। उन्होंने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत विभिन्न विभागों की सेवाओं के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई है। यदि निर्धारित समय-सीमा में आवेदनों का निराकरण नहीं किया जाता है, तो संबंधित अधिकारियों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई का प्रावधान है।

संभागायुक्त शर्मा ने उद्यम संवाद के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि उद्यम स्थापित करना आत्मनिर्भर बनने के साथ-साथ रोजगार के अवसर उपलब्ध कराने का भी एक प्रभावी माध्यम है। एक उद्यम की स्थापना से अनेक लोगों को रोजगार मिल सकता है। उन्होंने युवाओं से शासन की विभिन्न योजनाओं का लाभ लेकर छोटे-छोटे उद्योग स्थापित करने तथा उद्यमिता के क्षेत्र में आगे बढ़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि शासन युवाओं को उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित कर रहा है तथा इस दिशा में विभिन्न योजनाएं संचालित की जा रही हैं। युवा इन योजनाओं का लाभ लेकर अपने व्यवसाय की शुरुआत करें और अन्य लोगों के लिए भी रोजगार के अवसर सृजित करें। उन्होंने आश्वस्त किया कि उद्यम स्थापना की प्रक्रिया में शासन की ओर से आवश्यक सहयोग प्रदान किया जाएगा।
संभागायुक्त शर्मा ने आजीविका मिशन की सराहना करते हुए कहा कि मिशन द्वारा महिलाओं को संगठित कर उन्हें आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कार्य किया जा रहा है। उन्होंने आजीविका मिशन से अभी तक नहीं जुड़ी महिलाओं से इससे जुड़ने की अपील की। उन्होंने कहा कि महिलाएं समूहों
के माध्यम से आजीविका संबंधी गतिविधियों में भाग लेकर आर्थिक रूप से सशक्त बन सकती हैं। उन्होंने उपस्थित नागरिकों को कार्यक्रम का अधिकतम लाभ लेने तथा शासन की योजनाओं के माध्यम से आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़ने के लिए शुभकामनाएं दीं। कलेक्टर मिश्रा ने लंबित प्रकरणों के त्वरित निराकरण एवं शासकीय संस्थाओं के नियमित निरीक्षण पर दिया जोर कलेक्टर मिश्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री मोहन यादव द्वारा मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान की शुरुआत की गई है। अभियान के अंतर्गत सभी जिला अधिकारी शासकीय संस्थाओं का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा ले रहे हैं। शासन की मंशा है कि विभिन्न विभागों एवं ब्लॉक स्तर पर लंबित प्रकरणों का प्राथमिकता के साथ निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बताया कि लोक सेवा गारंटी अधिनियम के अंतर्गत अधिकतम आवेदनों का निराकरण किया गया है तथा व्यवस्थाओं में और सुधार लाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं।
पुलिस अधीक्षक तोलानी ने साइबर धोखाधड़ी से बचाव एवं यातायात नियमों के पालन की अपील

पुलिस अधीक्षक अमित तोलानी ने कहा कि जिले में जमीन संबंधी विवादों एवं सामान्य मारपीट सहित विभिन्न प्रकार की शिकायतें प्राप्त होती हैं। इसके साथ ही साइबर धोखाधड़ी से संबंधित शिकायतें भी सामने आती हैं। उन्होंने बताया कि साइबर धोखाधड़ी होने पर तत्काल हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराएं, ताकि समय रहते आवश्यक कार्रवाई की जा सके। उन्होंने सड़क दुर्घटनाओं के संबंध में कहा कि हेलमेट नहीं पहनने के कारण कई लोग दुर्घटनाओं में अपनी जान गंवा देते हैं, जिससे उनके परिवारों को अपूरणीय क्षति होती है। उन्होंने नागरिकों से अपील की कि दोपहिया वाहन चलाते समय अनिवार्य रूप से हेलमेट पहनें तथा यातायात नियमों का पालन करें, ताकि सड़क दुर्घटनाओं में होने वाली जनहानि को रोका जा सके।
उद्यम संवाद एवं आजीविका मिशन से हितग्राहियों ने साझा किए सफलता के अनुभव उद्यम संवाद कार्यक्रम के दौरान तलेन क्षेत्र में विभिन्न शासकीय योजनाओं से लाभान्वित हितग्राहियों ने अपने अनुभव साझा किए। हितग्राहियों ने बताया कि प्रधानमंत्री विश्वकर्मा योजना, पीएमजीवीवाई योजना एवं अन्य शासकीय योजनाओं के माध्यम से उन्हें रोजगार स्थापित करने और आत्मनिर्भर बनने में सहायता मिली है। कार्यक्रम में कलश सिंह ने बताया कि एमएसएमई के अंतर्गत प्लांट स्थापित कर उन्होंने रोजगार के अवसर सृजित किए हैं। उनके अनुसार, इस पहल से लगभग 150 लोगों को रोजगार मिला है। उन्होंने बताया कि शुरुआत में उन्होंने ट्रैक्टर चलाकर कार्य किया और बाद में ट्रैक्टर के माध्यम से रोजगार शुरू किया। वर्तमान में वे अपने आसपास के क्षेत्रों में सप्लाई का कार्य करते हुए ठेकेदार के रूप में कार्य कर रहे हैं।
इसी प्रकार राधेश्याम विश्वकर्मा ने बताया कि उन्होंने कृषि यंत्रों के निर्माण का व्यवसाय शुरू किया है। शासन की योजना के अंतर्गत प्राप्त ऋण से उन्हें अपना व्यवसाय स्थापित करने में सहायता मिली और वे आत्मनिर्भरता की दिशा में आगे बढ़े हैं। आजीविका मिशन से जुड़ी रीना जाटव ने अपने अनुभव साझा करते हुए बताया कि वे आर्थिक रूप से कमजोर परिवार से थीं और गांव से बाहर जाकर काम करना उनके लिए संभव नहीं था। ऐसे में वे स्व-सहायता समूह से जुड़ीं और रोजगार संबंधी गतिविधि शुरू की। इससे उन्हें नियमित आय प्राप्त होने लगी और परिवार का भरण-पोषण बेहतर तरीके से होने लगा। उन्होंने बताया कि आजीविका मिशन से मिली सहायता के कारण वे अपनी बेटी को कानून की पढ़ाई करा पा रही हैं। दिलीप यादव ने बताया कि उन्होंने दुग्ध प्रसंस्करण प्लांट स्थापित किया है, जिसके माध्यम से वर्तमान में प्रतिदिन लगभग 6 हजार लीटर दूध का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि व्यवसाय में भुगतान की प्रक्रिया को पारदर्शी और व्यवस्थित बनाने के लिए ऑनलाइन भुगतान पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। वहीं मीना जाटव ने बताया कि वे मध्यप्रदेश ग्रामीण आजीविका मिशन से जुड़ी हैं। मिशन के माध्यम से उन्हें सहायता मिली है और अब वे गांव की अन्य महिलाओं को भी इससे जुड़ने के लिए प्रेरित कर रही हैं। उन्होंने बताया कि महिलाओं को जैविक खेती के संबंध में जानकारी देने के साथ जैविक खाद उपलब्ध कराने का कार्य भी किया जा रहा है, जिससे ग्रामीण महिलाओं को आजीविका के नए अवसर मिल रहे हैं।
मुख्यमंत्री जनविश्वास अभियान अंतर्गत आयुष्मान कार्ड के हितग्राही बनेसिंह, श्रीमती बदामबाई, भागीरथ सिंह, कमलाबाई एवं छमाबाई को आयुष्मान कार्ड, वैल्यू क्लस्टर चेन अंतर्गत घीसालाल, बापूलाल, प्रेमनारायण, सिद्धनाथ, प्रेमसिंह एवं दिनेश कुमार विश्वकर्मा को सरसों बीज की निःशुल्क किस्म वितरण अंतर्गत लाभ, संबल योजना के अंतर्गत सपना यादव को 2 लाख रुपये एवं भागीरथ सिंह को 4 लाख रुपये की अनुग्रह सहायता, आजीविका मिशन अंतर्गत दर्शना स्व-सहायता समूह को 6 लाख रुपये के ऋण हेतु अनुशंसा पत्र, मेसर्स लाडसिंह कॉन्ट्रेक्टर को टीबी मरीजों के लिए 50 फूड बास्केट उपलब्ध कराने पर प्रशंसा प्रमाण पत्र, राधेश्याम विश्वकर्मा को पीएमईजीपी योजना अंतर्गत सफल उद्यमी प्रमाण पत्र, इमरान खान को मुख्यमंत्री उद्यम क्रांति योजना अंतर्गत 4 लाख रुपये का ऋण वितरण पत्र तथा दिलीप यादव को पीएमएफएमई योजना अंतर्गत उद्यानिकी विभाग से 75 लाख रुपये के ऋण संबंधी लाभ प्रदान किए गए।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #जनव #जनसमस #करण #एनएन #टवर #आईट #जगढ़ #मुख्यमंत्रीजनविश्वासअभियानशिविर