सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क–आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस /आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल : संत हिरदाराम गर्ल्स कॉलेज, भोपाल की छात्रा दिव्यांशी ललवानी ने अंतरमहाविद्यालयीन बॉक्सिंग प्रतियोगिता के 60 किलोग्राम भार वर्ग में स्वर्ण पदक जीतकर महाविद्यालय को गौरवान्वित किया। टी.टी. नगर स्टेडियम, भोपाल में आयोजित इस प्रतियोगिता का आयोजन शासकीय श्यामा प्रसाद मुखर्जी महाविद्यालय, कोलार द्वारा किया गया। दिव्यांशी ने अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन, दृढ़ संकल्प और खेल कौशल का परिचय देते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। इस प्रतियोगिता में चयनित खिलाड़ी आगामी अखिल भारतीय अंतरमहाविद्यालयीन प्रतियोगिता में भाग लेंगी, जहाँ उन्हें अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा।
महाविद्यालय की प्राचार्या डॉ. डालिमा पारवानी ने दिव्यांशी को स्वर्ण पदक जीतने पर हार्दिक बधाई दी। उन्होंने कहा कि छात्राओं की उपलब्धियाँ उनके परिश्रम, अनुशासन और समर्पण का प्रतिफल हैं। उन्होंने छात्राओं को शिक्षा के साथ-साथ खेलों में भी सक्रिय भागीदारी कर अपनी प्रतिभा निखारने के लिए प्रेरित किया। शारीरिक शिक्षा विभाग की विभागाध्यक्ष डॉ. शांति शर्मा ने भी दिव्यांशी को बधाई देते हुए उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन, मेहनत और दृढ़ संकल्प की सराहना की। यह सफलता महाविद्यालय में खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने तथा छात्राओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने के लिए अवसर एवं सहयोग प्रदान करने की प्रतिबद्धता को रेखांकित करती है।
Hashtags: #MadhyaPradeshState #Bhopal #ललव #पदक #एनएन #टवर #आईट #तरमह #तकर #दिव्यांशीललवानीनेबॉक्सिंग