सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्कआईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ भोपाल: संत हिरदाराम नगर स्थित सीआरपी क्षेत्र के निवासियों को रेलवे द्वारा मकान खाली करने के नोटिस दिए जाने से परेशान रहवासी अपनी समस्याओं को लेकर पूज्य सिंधी पंचायत से मिले। जहां उन्होंने बताया की रेलवे ने हमें 15 दिन में मकान खाली करने का नोटिस दिया है। हम यहां 5 दशकों से निवास कर रहे हैं। यहां से हटने के बाद रोजगार और बच्चों की शिक्षा पर बुरा प्रभाव पड़ेगा।

क्षेत्रवासियों की समस्या को लेकर पंचायत के महासचिव माधु चांदवानी के नेतृत्व में हेमन्त सावलानी, मनोहर बेलानी, वासदेव भंभानी और नंद फबियानी ने डीआरएम देवआशीष त्रिपाठी से मिलकर ज्ञापन सौंपा। जिसमें रहवासियों को संत हिरदाराम नगर के आसपास ही विस्थापन की मांग की है। डीआरएम का कहना है कि पट्टे देने और बसाने का काम मध्यप्रदेश सरकार का है। हमने सरकार से जमीन मांगी है कि हमें यह जमीन दिलाई जाए। जिससे हम संत हिरदाराम नगर रेलवे स्टेशन को आदर्श स्टेशन बना सके और क्षेत्र का विकास कर सके। जिस पर मध्यप्रदेश सरकार ने हमें आश्वस्त किया है कि शीघ्र ही जमीन आपको खाली करवा कर दी जाएगी। साथ ही रहवासियों को उचित स्थान पर विस्थापित किया जाएगा। विस्थापन के बाद ही रेलवे कार्य शुरू किया जाएगा।

बता दें की पंचायत ने पूर्व में इस संबंध में विधायक रामेश्वर शर्मा से भी चर्चा की थी। जिस पर संज्ञान लेते हुए विधायक रामेश्वर शर्मा रेलवे सहित शासन के अधिकारियों से संपर्क में हैं।