दिल्ली-NCR में प्रदूषण का कहर, नौ इलाकों में AQI 400 पार
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल:
दिल्ली-एनसीआर में वायु प्रदूषण लगातार गंभीर होता जा रहा है। शुक्रवार, 6 नवंबर की सुबह राजधानी के कई इलाकों में एयर क्वालिटी इंडेक्स (AQI) 400 के पार पहुंच गया। केंद्रीय प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (CPCB) के सुबह 6 बजे के आंकड़ों के अनुसार, दिल्ली का औसत AQI 389 दर्ज किया गया, जो बेहद खराब श्रेणी में है। वहीं, नौ प्रमुख इलाकों में वायु गुणवत्ता गंभीर स्तर पर पहुंच गई।
रोहिणी में सबसे अधिक 473 AQI दर्ज किया गया। पंजाबी बाग में 464, आरके पुरम में 441, अलीपुर और सोनिया विहार में 435-435, ओखला फेज-2 में 426, नॉर्थ कैंपस में 424, आईटीओ में 420 और नजफगढ़ में 412 AQI रिकॉर्ड किया गया। इसके अलावा पूसा में 393, चांदनी चौक में 386 और आनंद विहार में 350 AQI रहा।
दिल्ली के साथ नोएडा और गुरुग्राम की हवा भी बेहद खराब श्रेणी में बनी हुई है। सुबह के समय कई इलाकों में घनी धुंध और स्मॉग की चादर छाई रही, जिससे दृश्यता प्रभावित हुई और लोगों को सांस लेने में परेशानी का सामना करना पड़ा।
विशेषज्ञों के मुताबिक, हवा की धीमी गति, मौसम में बदलाव, वाहनों से निकलने वाला धुआं और पराली जलाने से उठने वाला प्रदूषण हालात बिगाड़ रहे हैं। आने वाले दिनों में भी प्रदूषण से तत्काल राहत मिलने की संभावना कम है।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने बच्चों, बुजुर्गों और सांस या हृदय संबंधी बीमारियों से पीड़ित लोगों को विशेष सावधानी बरतने की सलाह दी है। लोगों से अनावश्यक रूप से बाहर निकलने से बचने और बाहर जाते समय अच्छी गुणवत्ता वाला N95 मास्क पहनने की अपील की गई है।
Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #Ncr #प्रदूषण #कहर #इलाकों #Aqi #400 #पार #NCRमेंप्रदूषणका