ITDC India e-Press / Agencies

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक कारोबारी द्वारा अपने ही कर्मचारी की पीट-पीटकर हत्या करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कारोबारी ने कर्मचारी को अपनी 19 वर्षीय बेटी के साथ घर के एक कमरे में देख लिया था। इसके बाद गुस्से में उसने युवक पर क्रिकेट बैट और लोहे की पाइप से हमला कर दिया। गंभीर चोटें लगने के कारण युवक की मौत हो गई। पुलिस ने आरोपी कारोबारी को गिरफ्तार कर लिया है।

मृतक की पहचान केरल के पलक्कड़ जिले के रहने वाले किरण के रूप में हुई है। उसकी उम्र को लेकर अलग-अलग रिपोर्टों में 22 और 24 वर्ष बताई गई है। वह पिछले कुछ वर्षों से आरोपी आनंदराज की निर्माण इकाई में काम कर रहा था। आनंदराज उत्तर बेंगलुरु के येलहंका क्षेत्र में ठेले और स्वीट कॉर्न मशीन बनाने का कारोबार करता है।

पुलिस के अनुसार, आनंदराज को अपनी बेटी और किरण के बीच नजदीकी संबंध होने की जानकारी थी। मंगलवार को वह पत्नी के साथ घर से बाहर गया था, लेकिन कुछ घंटे बाद अचानक लौट आया। इसी दौरान उसने दोनों को एक कमरे में साथ देखा। आरोप है कि उसने पहले अपनी बेटी को रिश्तेदार के घर भेज दिया और फिर किरण को घर में रोककर उसकी पिटाई शुरू कर दी।

हमले में किरण के हाथ, पैर और पेट पर गंभीर चोटें आईं। वह बेहोश होकर गिर पड़ा। आरोपी उसे ऑटो रिक्शा से अस्पताल लेकर पहुंचा, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। अस्पताल से सूचना मिलने पर येलहंका पुलिस ने मामला दर्ज कर आनंदराज को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस उपायुक्त जीके मिथुन कुमार के मुताबिक, शुरुआती जांच में हत्या जानबूझकर किए जाने के संकेत मिले हैं। पुलिस यह भी जांच कर रही है कि वारदात के समय वहां कोई अन्य व्यक्ति मौजूद था या नहीं।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #बेटी #साथ #कर्मचारी #देख #भड़का #कारोबारी #पीटकर #बेटीकेसाथकर्मचारी