सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल:असम के गुवाहाटी में होटल के अंदर पांच लोगों की हत्या के मामले में मुख्य आरोपी घनकांत गोगोई बुधवार तड़के पुलिस मुठभेड़ में मारा गया। यह कार्रवाई असम के शिवसागर जिले के गौरिसागर इलाके में हुई। पुलिस के मुताबिक, आरोपी को दूसरे मामले में पूछताछ के लिए ले जाया जा रहा था। इसी दौरान उसने पुलिस अधिकारी की सर्विस पिस्टल छीनने और हिरासत से भागने की कोशिश की। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी। अस्पताल ले जाने पर डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

पुलिस अधिकारी की पिस्टल छीनने की कोशिश शिवसागर की वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक पापोरी चेतिया के अनुसार, 34 वर्षीय गोगोई को एक अन्य मामले के सिलसिले में पुलिस टीम गुवाहाटी से शिवसागर ले जा रही थी। रास्ते में उसने शौच के लिए वाहन रुकवाने को कहा। वाहन से उतरने के बाद उसने जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर देवाशीष शर्मा की सर्विस पिस्टल छीनने का प्रयास किया। इस दौरान दोनों के बीच हाथापाई हुई और गोलियां चलीं। आरोपी को रोकने के लिए पुलिस टीम के एक अन्य अधिकारी ने गोली चलाई। घटना में सब-इंस्पेक्टर शर्मा के पैर में भी चोट आई। उनकी हालत स्थिर बताई गई है।

26 अक्टूबर को होटल में हुई थी पांच लोगों की हत्या गुवाहाटी के बोरा सर्विस इलाके स्थित होटल बिलास इन में 26 अक्टूबर की रात गोलीबारी हुई थी। इस घटना में होटल की मालिक हेलेना भराली, उनके भाई भूदेव भराली, बेटे देबर्षि कश्यप, बहू रिनिका कश्यप और परिवार से जुड़े नारायण दास की मौत हो गई थी। एक अन्य व्यक्ति गोली लगने से घायल हुआ था।

प्रारंभिक जांच में होटल के प्रबंधन, लीज और संपत्ति से जुड़े विवाद को गोलीबारी की वजह माना गया। पुलिस ने घटना के एक घंटे के भीतर गोगोई को गिरफ्तार कर लिया था। सात दिन की पुलिस रिमांड पूरी होने के बाद अदालत ने उसे न्यायिक हिरासत में भेज दिया था। इसके बाद शिवसागर पुलिस ने 2024 के एक बैंक धोखाधड़ी मामले में उसे अपनी हिरासत में लिया था। पुलिस अब मुठभेड़ की परिस्थितियों की जांच कर रही है। घटनास्थल पर फॉरेंसिक टीम ने भी साक्ष्य जुटाए हैं।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #गुवाहाटी #होटल #हत्याकांड #आरोपी #पुलिस #मुठभेड़ #ढेर #गुवाहाटीहोटलहत्याकांडका