सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल: कर्नाटक में नंदिनी दूध और दही की कीमतों में बढ़ोतरी के बाद अब सरकारी बसों का सफर भी महंगा होने की संभावना है। राज्य सरकार सार्वजनिक परिवहन बसों का किराया बढ़ाने पर विचार कर रही है। परिवहन मंत्री बायराथी सुरेश ने मंगलवार को बेंगलुरु में राज्य के चारों परिवहन निगमों के वरिष्ठ अधिकारियों के साथ बैठक बुलाई है। इस बैठक में किराया संशोधन और प्रस्तावित बढ़ोतरी की दर पर चर्चा होगी।

परिवहन मंत्री के अनुसार, राज्य के चारों परिवहन निगमों पर करीब 9,000 करोड़ रुपये का कुल घाटा है। निगमों को हर साल लगभग 2,000 करोड़ रुपये का नुकसान हो रहा है। डीजल की बढ़ती कीमतों, कर्मचारियों के वेतन, बसों के रखरखाव और अन्य परिचालन खर्चों के कारण आर्थिक दबाव लगातार बढ़ रहा है। सरकार का कहना है कि निगमों की वित्तीय स्थिति सुधारने के लिए किराया बढ़ाने की जरूरत पर विचार किया जा रहा है।

किराया नियामक समिति ने बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (BMTC) के लिए 45 प्रतिशत और अन्य तीन परिवहन निगमों के लिए 28 प्रतिशत तक बढ़ोतरी की सिफारिश की है। हालांकि, सरकार ने अभी इन सिफारिशों को अंतिम मंजूरी नहीं दी है।

कर्नाटक में इससे पहले जनवरी 2025 में सरकारी बसों के किराये में 15 प्रतिशत की बढ़ोतरी की गई थी। वहीं, नंदिनी दूध की कीमत में एक नवंबर से आठ रुपये प्रति लीटर की वृद्धि लागू हो चुकी है। ऐसे में बस किराया बढ़ने पर आम यात्रियों, कर्मचारियों और विद्यार्थियों के मासिक खर्च पर अतिरिक्त असर पड़ सकता है।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #कर्नाटक #किराया #बढ़ाने #तैयारी #यात्रियों #बढ़ेगा #बोझ #कर्नाटकमेंबसकिराया