सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: नोएडा। नोएडा और ग्रेटर नोएडा में अब गंभीर मरीजों और सड़क दुर्घटनाओं में घायल लोगों को अस्पताल पहुंचाने वाली एंबुलेंस को ट्रैफिक जाम में फंसने से बचाने के लिए विशेष व्यवस्था शुरू की गई है। गौतमबुद्ध नगर पुलिस ने इसके लिए ‘ऑपरेशन फास्ट’ (फास्ट एंबुलेंस सीमलेस ट्रांजिशन) लॉन्च किया है। इस पहल के तहत एंबुलेंस को 24 घंटे ट्रैफिक सहायता उपलब्ध कराई जाएगी। पुलिस ने इसके लिए विशेष हेल्पलाइन नंबर 9218981716 जारी किया है।
कंट्रोल रूम से होगा ट्रैफिक का संचालन ऑपरेशन फास्ट के तहत ट्रैफिक पुलिस कंट्रोल रूम में एंबुलेंस ट्रैफिक सुविधा सेल स्थापित किया जा रहा है। एंबुलेंस चालक, अस्पताल का कंट्रोल रूम या डिस्पैचर हेल्पलाइन पर संपर्क कर वाहन की मौजूदा लोकेशन, गंतव्य अस्पताल और प्रस्तावित मार्ग की जानकारी दे सकेंगे। इसके बाद कंट्रोल रूम संबंधित मार्ग पर तैनात ट्रैफिक पुलिसकर्मियों को अलर्ट करेगा।
एंबुलेंस के पहुंचने से पहले ही प्रमुख चौराहों पर यातायात नियंत्रित कर रास्ता खाली कराया जाएगा। जरूरत पड़ने पर ट्रैफिक सिग्नल में अस्थायी बदलाव, विपरीत दिशा से आने वाले वाहनों का नियंत्रण और वैकल्पिक मार्गों की व्यवस्था भी की जाएगी। एंबुलेंस के आगे बढ़ने के साथ अगले चौराहों पर भी पहले से ट्रैफिक क्लियर कराया जाएगा। इसे ‘रोलिंग ट्रैफिक क्लियरेंस मैकेनिज्म’ नाम दिया गया है।
ट्रायल में 12 किलोमीटर का सफर 10 मिनट में व्यवस्था की प्रभावशीलता जांचने के लिए व्यस्त समय के दौरान एक खाली एंबुलेंस का ट्रायल किया गया। पुलिस के मुताबिक, चिल्ला बॉर्डर से मैक्स अस्पताल और फोर्टिस अस्पताल तक करीब 12 किलोमीटर की दूरी दोनों मार्गों पर लगभग 10 मिनट में तय की गई। हालांकि यह परीक्षण खाली एंबुलेंस के साथ हुआ था। वास्तविक आपातकालीन स्थिति में यात्रा का समय ट्रैफिक और सड़क की परिस्थितियों पर निर्भर करेगा।
अस्पतालों और एंबुलेंस संचालकों को जोड़ा पुलिस कमिश्नर लक्ष्मी सिंह के निर्देशन में शुरू की गई इस पहल में जिले के प्रमुख सरकारी और निजी अस्पतालों, एंबुलेंस सेवा प्रदाताओं तथा इमरजेंसी डिस्पैच केंद्रों को शामिल किया गया है। सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से भी वाहन चालकों को एंबुलेंस के आने की सूचना दी जा सकेगी।
पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि सड़क पर एंबुलेंस दिखाई देने पर उसे तुरंत सुरक्षित रास्ता दें, चौराहों पर वाहन खड़े करके रास्ता अवरुद्ध न करें और ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें। इस पहल का उद्देश्य गंभीर मरीजों और दुर्घटना पीड़ितों को समय पर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराना तथा ट्रैफिक जाम के कारण होने वाली जानलेवा देरी को कम करना है।
Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #नोएडा #एंबुलेंस #पहले #खाली #होगा #रास्ता #भोपाल #नोएडामेंएंबुलेंसके