सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ भोपाल: सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सोमवार, 2 नवंबर को नई दिल्ली के भारत मंडपम में भारत रिन्यूएबल एनर्जी समिट एंड एक्सपो 2026 का उद्घाटन करेंगे। चार दिवसीय यह अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन 2 से 5 नवंबर तक आयोजित होगा। इसमें 130 से अधिक देशों के प्रतिनिधियों, 40 से ज्यादा मंत्रियों, वैश्विक निवेशकों, उद्योगपतियों, नीति निर्माताओं और ऊर्जा क्षेत्र के विशेषज्ञों के शामिल होने की उम्मीद है।
'निवेश, नवाचार और प्रेरणा' विषय पर आधारित इस सम्मेलन का उद्देश्य नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में वैश्विक निवेश को बढ़ावा देना, आधुनिक तकनीकों का आदान-प्रदान करना और अंतरराष्ट्रीय साझेदारी को मजबूत बनाना है। इसमें ऑस्ट्रेलिया, डेनमार्क, फ्रांस, जर्मनी, नीदरलैंड, नॉर्वे, स्वीडन और ब्रिटेन सहित नौ देश एवं क्षेत्रीय समूह भागीदार के रूप में शामिल होंगे।
भारत की नवीकरणीय ऊर्जा क्षमता भी इस सम्मेलन का प्रमुख आकर्षण रहेगी। देश में गैर-जीवाश्म ईंधन आधारित बिजली उत्पादन क्षमता 308 गीगावॉट तक पहुंच चुकी है। भारत नवीकरणीय ऊर्जा और सौर ऊर्जा की स्थापित क्षमता के मामले में दुनिया में तीसरे स्थान पर है। सरकार का लक्ष्य वर्ष 2030 तक गैर-जीवाश्म ऊर्जा क्षमता को 500 गीगावॉट तक पहुंचाना है।
इस लक्ष्य को हासिल करने के लिए वर्ष 2027 से 2030 के बीच लगभग 220 अरब डॉलर के निवेश की आवश्यकता बताई गई है। सम्मेलन के साथ अंतरराष्ट्रीय सौर गठबंधन की नौवीं सभा और हरित हाइड्रोजन पर चौथा अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन भी आयोजित होगा। एक्सपो में 400 से अधिक प्रदर्शक सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, हरित हाइड्रोजन और ऊर्जा भंडारण से जुड़ी आधुनिक तकनीकों का प्रदर्शन करेंगे। यह आयोजन भारत को वैश्विक स्वच्छ ऊर्जा निवेश और तकनीकी सहयोग के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।
Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #प्रधानमंत्री #मोदी #भारत #रिन्यूएबल #एनर्जी #समिट #करेंगे #प्रधानमंत्रीमोदीआजभारत