ITDC India e-Press / Agencies

कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में एक कैब ड्राइवर पर अपनी पत्नी समेत उसके परिवार के सात लोगों की हत्या करने का गंभीर आरोप लगा है। आरोपी की पहचान इंदुशेखर उर्फ शेखर के रूप में हुई है। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया है और उसके दावों की पुष्टि के लिए जांच कर रही है। मृतकों में सात साल का एक बच्चा भी शामिल है।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, आरोपी का पत्नी सुनीता के साथ घरेलू विवाद चल रहा था। वह पत्नी के मायके वालों से लगातार संपर्क रखने और पारिवारिक मामलों में उनके हस्तक्षेप से नाराज था। पुलिस को संदेह है कि इसी विवाद के चलते उसने कथित तौर पर वारदात की योजना बनाई। आरोप है कि उसने पहले अपनी पत्नी की हत्या की और फिर पार्टी के बहाने अपने दो सालों को घर बुलाया। इसके बाद उनकी पत्नियों, अपनी सास और सात वर्षीय बच्चे को भी निशाना बनाया।

पुलिस को आशंका है कि हत्याओं में पीसने वाले पत्थर का इस्तेमाल किया गया। वारदात के बाद आरोपी ने कथित तौर पर शवों को अपनी कार से अलग-अलग स्थानों पर ठिकाने लगाया और घर से खून के निशान मिटाने के लिए रसायनों का इस्तेमाल किया।

मामले का खुलासा परिवार के सदस्यों की गुमशुदगी की शिकायत के बाद हुआ। पुलिस ने नंदी हिल्स के पास तलाशी अभियान चलाकर सात वर्षीय बच्चे का शव बरामद किया है। बाकी छह शवों की तलाश जारी है।

पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी ने सात हत्याओं का दावा किया है, लेकिन जांच एजेंसियां उसके बयानों और उपलब्ध सबूतों का मिलान कर रही हैं। हत्या का वास्तविक क्रम, मकसद और शवों को ठिकाने लगाने से जुड़े सभी पहलुओं की जांच जारी है।


Hashtags: #NationalIndia #Bhopal #बेंगलुरु #कैब #ड्राइवर #सात #हत्याओं #आरोप #सीएनएन #बेंगलुरुमेंकैबड्राइवर