बॉलीवुड अभिनेत्री नोरा फतेही ने शुक्रवार को दिल्ली की राउज एवेन्यू कोर्ट में महाठग सुकेश चंद्रशेखर से जुड़े 200 करोड़ रुपये की कथित उगाही मामले में गवाही दी। उन्होंने अदालत को बताया कि दिसंबर 2020 में चेन्नई में आयोजित एक चैरिटी कार्यक्रम के दौरान सुकेश की पत्नी लीना मारिया पॉलोस ने उनसे मुलाकात की थी और फोन पर अपने पति से बात कराई थी। नोरा इस मामले में आरोपी नहीं, बल्कि अभियोजन पक्ष की गवाह हैं।
नोरा के मुताबिक, चेन्नई में आयोजित कार्यक्रम के लिए उन्हें लीना ने एक्सीड एंटरटेनमेंट नाम की एजेंसी के माध्यम से बुक किया था। कार्यक्रम में उन्हें मुख्य अतिथि के रूप में बुलाया गया था और डांस प्रतियोगिता में निर्णायक की भूमिका भी दी गई थी। अभिनेत्री ने बताया कि कार्यक्रम से पहले लीना अपने परिवार के सदस्यों और कुछ अन्य लोगों के साथ उनसे मिलने होटल के कमरे में आई थीं। उनके साथ उपहार भी थे।
नोरा ने अदालत में कहा कि लीना ने अपना परिचय देने के बाद बताया कि उनके पति उनसे बात करना चाहते हैं। इसके बाद उन्होंने सुकेश को फोन लगाया और स्पीकर पर बातचीत कराई। सुकेश ने कार्यक्रम में आने के लिए उनका धन्यवाद दिया और भविष्य में भी ऐसे आयोजन करने की बात कही। इसी बातचीत के दौरान लीना ने कार गिफ्ट करने की बात कही, जिसे स्वीकार करने का अनुरोध सुकेश ने भी किया।
पेशी में देरी पर अदालत ने जताई नाराजगी
नोरा को पहले भी अदालत में पेश होने के लिए समन जारी किया गया था। 6 नवंबर को उनके वकील ने व्यक्तिगत पेशी से छूट मांगी तो अदालत ने नाराजगी जताते हुए कहा कि गवाह होने के नाते उन्हें उपस्थित होना चाहिए और अदालत को हल्के में नहीं लेना चाहिए। अदालत ने नोरा को आगे की गवाही के लिए 30 नवंबर को फिर पेश होने का निर्देश दिया है।
यह मामला सुकेश चंद्रशेखर पर दिल्ली की रोहिणी जेल में रहते हुए कथित तौर पर खुद को सरकारी अधिकारी बताकर अदिति सिंह से करीब 200 करोड़ रुपये की उगाही करने के आरोपों से जुड़ा है। नोरा का बयान इस मामले की जांच और सुनवाई का हिस्सा है।
Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #कोर्ट #फटकार #बाद #नोरा #फतेही #दर्ज #कराया #कोर्टकीफटकारके