ITDC India e-Press / Agencies

बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान के प्रशंसकों के लिए उनकी आगामी फिल्म ‘मातृभूमि: मे वॉर रेस्ट इन पीस’ को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। लंबे समय से फिल्म के ट्रेलर का इंतजार कर रहे दर्शकों को अब जल्द इसकी पहली झलक देखने को मिल सकती है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, फिल्म का ट्रेलर शुक्रवार, 6 नवंबर को रिलीज किया जा सकता है। इसके लिए मुंबई में एक भव्य लॉन्च कार्यक्रम आयोजित करने की तैयारी की जा रही है। हालांकि, प्रोडक्शन हाउस की ओर से अभी तक इसकी आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

पहले ‘बैटल ऑफ गलवान’ नाम से घोषित इस फिल्म का शीर्षक मार्च 2026 में बदलकर ‘मातृभूमि’ कर दिया गया था। फिल्म 15 जून 2020 को गलवान घाटी में भारतीय और चीनी सैनिकों के बीच हुई सैन्य झड़प से प्रेरित है। इसमें सलमान खान एक भारतीय सेना अधिकारी की भूमिका निभा रहे हैं, जिसका किरदार कर्नल बिकुमल्ला संतोष से प्रेरित बताया गया है।

फिल्म का निर्देशन अपूर्व लाखिया कर रहे हैं, जबकि सलमान खान फिल्म्स के बैनर तले इसका निर्माण किया गया है। चित्रांगदा सिंह और प्रशांत तमांग भी अहम भूमिकाओं में नजर आएंगे।

फिल्म को लेकर पहले भी कई बदलाव और देरी की खबरें सामने आ चुकी हैं। चीन के चित्रण और कहानी के कुछ हिस्सों को लेकर उठे सवालों के बाद कथित तौर पर कुछ दृश्यों में बदलाव और दोबारा शूटिंग की गई। सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय से एनओसी मिलने की खबर है, लेकिन सेंसर बोर्ड की अंतिम मंजूरी और सिनेमाघरों में रिलीज की तारीख को लेकर अभी स्थिति स्पष्ट नहीं है। ऐसे में 6 नवंबर का प्रस्तावित ट्रेलर लॉन्च फिल्म के भविष्य को लेकर अहम साबित हो सकता है।


Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #सलमान #मातृभूमि #ट्रेलर #नवंबर #होगा #रिलीज #सीएनएन #सलमानकीमातृभूमिका