गायक अभिजीत भट्टाचार्य ने दलेर मेहंदी से जुड़े लिप-सिंकिंग विवाद पर अपनी प्रतिक्रिया देकर मनोरंजन जगत में नई चर्चा छेड़ दी है। उन्होंने बिना नाम लिए दलेर मेहंदी पर परोक्ष रूप से निशाना साधा और उत्तराखंड के कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल के रुख का समर्थन किया। अभिजीत ने साफ कहा कि लाइव शो में कलाकार को वास्तव में गाना चाहिए, केवल रिकॉर्डेड गाने पर होंठ हिलाना दर्शकों के साथ धोखा है।
छत्तीसगढ़ राज्योत्सव के दौरान अपने लाइव कार्यक्रम में अभिजीत ने दर्शकों से कहा कि किसी भी कलाकार को लाइव शो के नाम पर लिप-सिंक करने की अनुमति नहीं दी जानी चाहिए। उन्होंने हाल ही में मंच पर हुई एक घटना का जिक्र करते हुए कहा कि मंत्री ने उस समय सही बात कही थी, लेकिन बाद में उन्हें ही विलेन बना दिया गया।
अभिजीत ने अपने प्रदर्शन को लेकर दर्शकों से वादा किया कि उनकी आवाज खराब हो, गला बैठ जाए या सुर बिगड़ जाए, फिर भी वह मंच पर लाइव ही गाएंगे। उन्होंने कहा कि दर्शक अपनी मेहनत की कमाई खर्च करके कलाकारों को सुनने आते हैं और उनके समय तथा भरोसे का सम्मान करना जरूरी है। उन्होंने यह भी कहा कि वह गाने के नाम पर केवल होंठ हिलाकर दर्शकों को धोखा नहीं देंगे।
दरअसल, 18 अक्टूबर को उत्तराखंड के नई टिहरी में मां कुंजापुरी पर्यटन एवं विकास मेले के दौरान मंत्री सुबोध उनियाल ने दलेर मेहंदी की प्रस्तुति बीच में रोककर उनके गायन पर सवाल उठाए थे। मंत्री ने लिप-सिंकिंग का आरोप लगाते हुए कार्यक्रम के लिए 35 लाख रुपये भुगतान किए जाने का भी जिक्र किया था। इसके बाद दलेर के समर्थन में मीका सिंह समेत कई कलाकार सामने आए। अब अभिजीत के बयान ने इस विवाद को एक बार फिर सुर्खियों में ला दिया है।
Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #दलेर #मेहंदी #अभिजीत #तंज #मंत्री #सुबोध #उनियाल #दलेरमेहंदीपरअभिजीत