सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ /एजेंसियाँ/ इंदौर: इंदौर में दिलजीत के कॉन्सर्ट को बम की धमकी, तीन स्कूल भी निशाने पर

सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल: इंदौर में पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के आगामी कॉन्सर्ट से पहले बम धमाके की धमकी मिलने से सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हो गई हैं। शहर के तीन निजी स्कूलों और महापौर पुष्यमित्र भार्गव के कार्यालय को धमकी भरे ई-मेल भेजे गए हैं। ई-मेल में 15 नवंबर को प्रस्तावित कॉन्सर्ट के दौरान विस्फोट करने की चेतावनी दी गई है। कुछ रिपोर्टों के मुताबिक, धमकी भरे संदेश में मुंबई स्थित अभिनेता अमिताभ बच्चन के बंगले ‘जलसा’ को भी निशाना बनाने की बात कही गई है।

पुलिस के अनुसार, ई-मेल पंजाबी भाषा में भेजे गए थे। इनमें स्कूल प्रबंधन को चेतावनी दी गई थी कि वे अपने बच्चों को दिलजीत के कॉन्सर्ट में न भेजें, क्योंकि वहां बम धमाका किया जाएगा। ई-मेल कथित तौर पर ‘खालिस्तानी नेशनल आर्मी’ के नाम से भेजे गए हैं।

तीनों स्कूलों की तलाशी, नहीं मिला विस्फोटक धमकी मिलने के बाद बम निरोधक दस्तों ने तीनों स्कूल परिसरों की जांच की। तलाशी के दौरान कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली। अतिरिक्त पुलिस उपायुक्त राजेश दंडोतिया ने बताया कि शुरुआती जांच में ई-मेल फर्जी होने की आशंका है, लेकिन पुलिस मामले को गंभीरता से लेते हुए तकनीकी साक्ष्यों की पड़ताल कर रही है।

क्राइम ब्रांच ई-मेल भेजने वाले की पहचान करने में जुटी है। पुलिस ने तकनीकी जांच के लिए संबंधित प्लेटफॉर्म से भी जानकारी मांगी है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

15 नवंबर को प्रस्तावित है दिलजीत का कार्यक्रम दिलजीत दोसांझ का कॉन्सर्ट 15 नवंबर को इंदौर के सी-21 ग्राउंड में प्रस्तावित है। पुलिस के मुताबिक, कार्यक्रम के आयोजकों ने अभी तक आयोजन की अनुमति के लिए पुलिस से संपर्क नहीं किया था। फिलहाल धमकी की सत्यता और इसके पीछे शामिल लोगों का पता लगाने के लिए जांच जारी है।


Hashtags: #EntertainmentBollywood #Indore #इंदौर #दिलजीत #कॉन्सर्ट #धमकी #तीन #स्कूल #निशाने #इंदौरमेंदिलजीतके