गुरु रंधावा ने रचा इतिहास, EDC के मेन स्टेज पर करेंगे परफॉर्म
सीएनएन सेंट्रल न्यूज़ एंड नेटवर्क्स / आईटीडीसी इंडिया ईप्रेस / आईटीडीसी न्यूज़ / एजेंसियां, भोपाल:
पंजाबी गायक गुरु रंधावा अंतरराष्ट्रीय संगीत जगत में एक बड़ी उपलब्धि हासिल करने जा रहे हैं। वह अमेरिका के फ्लोरिडा स्थित ऑरलैंडो में आयोजित होने वाले इलेक्ट्रिक डेजी कार्निवल (EDC) के मेन स्टेज पर परफॉर्म करने वाले पहले भारतीय कलाकार बनेंगे। गुरु 7 नवंबर को मशहूर इंटरनेशनल डीजे और म्यूजिक प्रोड्यूसर स्टीव आओकी के साथ मंच साझा करेंगे। इस दौरान दोनों अपने लोकप्रिय गाने ‘सिर्रा’ का नया रीमिक्स पहली बार लाइव पेश करेंगे।
EDC ऑरलैंडो का आयोजन 6 से 8 नवंबर तक टिंकर फील्ड में किया जा रहा है। स्टीव आओकी फेस्टिवल के दूसरे दिन मुख्य कलाकार के रूप में प्रस्तुति देंगे। इसी दौरान गुरु रंधावा उनके सेट में शामिल होंगे। दोनों की यह साझेदारी पंजाबी पॉप और इलेक्ट्रॉनिक डांस म्यूजिक का अनूठा संगम पेश करेगी।
पंजाबी म्यूजिक को मिलेगा ग्लोबल मंच
गुरु रंधावा का मूल गाना ‘सिर्रा’ उनके एल्बम ‘विदाउट प्रेजुडिस’ का हिस्सा है। स्टीव आओकी ने इसे तेज इलेक्ट्रॉनिक बीट्स और डांस म्यूजिक के साथ नए अंदाज में तैयार किया है। रीमिक्स को प्रमुख म्यूजिक स्ट्रीमिंग प्लेटफॉर्म पर रिलीज किया जा चुका है।
इस उपलब्धि को लेकर गुरु रंधावा ने खुशी जताते हुए कहा कि EDC के मेन स्टेज पर भारत और भारतीय संगीत का प्रतिनिधित्व करना उनके लिए बड़े सम्मान की बात है। वहीं, स्टीव आओकी ने कहा कि इलेक्ट्रॉनिक म्यूजिक अलग-अलग संस्कृतियों को जोड़ने का माध्यम है और गुरु के साथ यह सहयोग उनके लिए खास अनुभव है।
तीन साल बाद दिल्ली में करेंगे बड़ा कॉन्सर्ट
EDC में प्रस्तुति के बाद गुरु रंधावा 12 दिसंबर को नई दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में ‘सिर्रा एरा लाइव इन कॉन्सर्ट’ के जरिए भारतीय दर्शकों के बीच लौटेंगे। यह उनका करीब तीन साल बाद बड़ा लाइव कॉन्सर्ट होगा। इस कार्यक्रम के माध्यम से वह संगीत जगत में अपने 13 साल के सफर का जश्न भी मनाएंगे।
Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #गुरु #रंधावा #रचा #इतिहास #Edc #मेन #स्टेज #गुरुरंधावानेरचा