रणबीर कपूर, साई पल्लवी और यश अभिनीत फिल्म ‘रामायण’ अपने भव्य सेट और विजुअल इफेक्ट्स के साथ-साथ खास आभूषणों को लेकर भी चर्चा में है। फिल्म के लिए जयपुर के ज्वेलरी ब्रांड ट्राइब अम्रपाली ने 4500 से अधिक आभूषण तैयार किए हैं। इन गहनों को बनाने में 18 महीने से ज्यादा समय तक रिसर्च, डिजाइनिंग और कारीगरी का काम चला। फिल्म के पहले भाग के लिए तैयार किए गए ये आभूषण अयोध्या, मिथिला और लंका की अलग-अलग सांस्कृतिक पहचान को दर्शाते हैं।
तीनों राज्यों के लिए अलग डिजाइन
आभूषणों की डिजाइनिंग में रामायण की कथाओं, प्राचीन भारतीय आभूषणों, मंदिरों की कला, मूर्तियों और ऐतिहासिक संदर्भों का अध्ययन किया गया। अयोध्या के गहनों में शाही गरिमा और पारंपरिक नक्काशी को प्राथमिकता दी गई है। भगवान राम के आभूषणों में सूर्यवंशी पहचान से जुड़े सूर्य और धर्मचक्र जैसे प्रतीकों का इस्तेमाल किया गया है।
वहीं, मिथिला के गहनों में फूलों और प्रकृति से प्रेरित डिजाइन रखे गए हैं, जो सीता के किरदार की सौम्यता और सांस्कृतिक विरासत को दर्शाते हैं। दूसरी ओर, लंका के आभूषणों को ज्यादा भव्य, नुकीले और प्रभावशाली रूप में तैयार किया गया है। रावण के साथ मंदोदरी, विभीषण और शूर्पणखा जैसे किरदारों के लिए भी अलग-अलग डिजाइन बनाए गए हैं।
लकड़ी के गहनों की खासियत
फिल्म के लिए तैयार किए गए कुछ आभूषणों में लकड़ी और हल्की सामग्री का इस्तेमाल किया गया है, ताकि कलाकार भारी दिखने वाले गहनों को पहनकर आसानी से अभिनय और गतिविधियां कर सकें। इन पर पारंपरिक धातु-कला जैसी बारीक फिनिश देने के लिए विशेष कारीगरी की गई है।
इस परियोजना में डिजाइनरों, मॉडल निर्माताओं और कुशल कारीगरों ने मिलकर काम किया। करीब 4000 करोड़ रुपये के बजट वाली इस दो भागों की फिल्म का निर्देशन नितेश तिवारी ने किया है।
Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #4000 #करोड़ #रामायण #जयपुर #4500 #गहनों #चमक #4000करोड़कीरामायण