ITDC India e-Press / Agencies

बॉलीवुड फिल्ममेकर संजय गुप्ता अपने निधन से पहले एक बड़े ओटीटी प्रोजेक्ट पर काम कर रहे थे। वह ‘क्रिमिनल्स इन यूनिफॉर्म’ किताब पर आधारित आठ एपिसोड की क्राइम थ्रिलर वेब सीरीज बनाना चाहते थे। इस सीरीज के जरिए उनका ओटीटी डेब्यू होने वाला था। इसमें अनिल कपूर, अक्षय खन्ना, नसीरुद्दीन शाह और इमरान हाशमी जैसे बड़े सितारों को शामिल करने की योजना थी। हालांकि, 30 अक्टूबर 2026 को उनके निधन के बाद यह महत्वाकांक्षी प्रोजेक्ट अधूरा रह गया।

‘स्कैंडल’ नाम से फ्रेंचाइजी बनाने की थी योजना

इस प्रोजेक्ट की कहानी खोजी पत्रकार डॉ. संजय सिंह और राकेश त्रिवेदी की किताब ‘क्रिमिनल्स इन यूनिफॉर्म’ पर आधारित थी। लेखकों के मुताबिक, संजय गुप्ता ने सीरीज के लिए विस्तृत पिच डेक तैयार किया था और शुरुआती दो एपिसोड की स्क्रिप्ट भी लिख ली थी। वह इसे ‘स्कैंडल’ नाम की फ्रेंचाइजी के रूप में विकसित करना चाहते थे, जिसमें अलग-अलग वास्तविक घटनाओं से प्रेरित कहानियां दिखाई जातीं।

सीरीज में अनिल कपूर को मुंबई पुलिस कमिश्नर, अक्षय खन्ना को एसीपी और नसीरुद्दीन शाह को राष्ट्रीय सुरक्षा सलाहकार की भूमिका में दिखाने की योजना थी। दिया मिर्जा, अतुल कुलकर्णी, महेश मांजरेकर और रोनित रॉय के नाम भी चर्चा में थे।

दूसरे सीजन में आर्यन खान केस की कहानी

लेखक संजय सिंह के मुताबिक, संजय गुप्ता दूसरे सीजन के लिए आर्यन खान से जुड़े ड्रग्स केस पर कहानी तैयार करवाना चाहते थे। उनकी इच्छा थी कि इस मामले के विभिन्न पहलुओं को सामने रखा जाए और कहानी के दोनों पक्षों को उचित जगह मिले। इसके लिए वह शाहरुख खान से भी बातचीत करने की योजना बना रहे थे।

संवेदनशील विषय के कारण आ रही थीं मुश्किलें

सीरीज की कहानी 2021 के एंटीलिया बम कांड से प्रेरित थी, हालांकि इसके किरदार काल्पनिक रखे जाने थे। लेखकों के अनुसार, इस विषय की संवेदनशीलता और बड़े बजट की जरूरत के कारण प्रोजेक्ट को आगे बढ़ाने में चुनौतियां थीं। संजय गुप्ता सोनी लिव और नेटफ्लिक्स जैसे प्लेटफॉर्म से बातचीत कर रहे थे। वह इसे बड़े स्तर पर बनाना चाहते थे और जल्दबाजी में काम पूरा करने के पक्ष में नहीं थे।

संजय गुप्ता ‘रंगा-बिल्ला’ मामले पर भी फिल्म या वेब सीरीज बनाने की योजना बना रहे थे। ‘कांटे’, ‘शूटआउट एट वडाला’ और ‘काबिल’ जैसी फिल्मों के जरिए पहचान बनाने वाले निर्देशक का यह अधूरा सपना अब उनके प्रशंसकों के लिए एक याद बनकर रह गया है।


Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #संजय #गुप्ता #ड्रीम #प्रोजेक्ट #अधूरा #Ott #नहीं #संजयगुप्ताकाड्रीम