पंजाबी गायक दिलजीत दोसांझ के इंदौर में 15 नवंबर को होने वाले कॉन्सर्ट से पहले प्रशासन ने उनके चार लोकप्रिय गानों की प्रस्तुति पर रोक लगाने के निर्देश दिए हैं। चंडीगढ़ के प्रोफेसर डॉ. पंडितराव धरेनवर की शिकायत के बाद जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने 6 नवंबर को सी-21 मॉल प्रबंधन को पत्र जारी किया। इसमें आयोजकों से यह सुनिश्चित करने को कहा गया है कि कार्यक्रम के दौरान ये चारों गाने किसी भी रूप में प्रस्तुत न किए जाएं।
प्रतिबंधित गानों में ‘पटियाला पैग’, ‘5 तारा ठेके’, ‘जेब विचों लभिया’ और ‘जट्ट उथे फायर करदा जित्थे पाबंदी हथियारां दी’ शामिल हैं। शिकायतकर्ता ने इन गानों के बोलों पर आपत्ति जताते हुए कहा था कि इनमें शराब, नशे और हथियारों को बढ़ावा देने वाले संदेश हैं, जिनका बच्चों पर प्रतिकूल प्रभाव पड़ सकता है।
हाईकोर्ट के आदेश का दिया हवाला
जिला बाल संरक्षण अधिकारी ने अपने पत्र में पंजाब एवं हरियाणा हाईकोर्ट के 22 जुलाई 2019 के आदेश का उल्लेख किया है। चूंकि इंदौर के कॉन्सर्ट में पांच वर्ष से अधिक उम्र के बच्चों को भी प्रवेश की अनुमति है, इसलिए आयोजकों को बच्चों के हितों को ध्यान में रखते हुए निर्देशों का पालन करने को कहा गया है।
प्रोफेसर ने अपनी शिकायत में चारों गानों को बदले हुए बोलों के साथ भी प्रस्तुत न करने की मांग की थी। उन्होंने बच्चों को मंच पर बुलाने और गायक के मंच पर कारतूस जैसी सजावटी बेल्ट पहनने पर भी आपत्ति जताई थी। हालांकि, 6 नवंबर को जारी आधिकारिक पत्र में फिलहाल केवल चार गानों की प्रस्तुति पर रोक लगाने के निर्देश दिए गए हैं।
दिलजीत का इंदौर कॉन्सर्ट 15 नवंबर को सी-21 मॉल में आयोजित होना है। आयोजकों को कार्यक्रम के दौरान प्रशासन के निर्देशों का पालन करना होगा।
Hashtags: #EntertainmentBollywood #Bhopal #दिलजीत #इंदौर #कॉन्सर्ट #चार #गानों #रोक #सीएनएन #दिलजीतकेइंदौरकॉन्सर्ट